
बालोद में ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत बैंकों, पोस्ट ऑफिस और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम
विजय कुमार रिपोर्टिंग (पत्रकार)
बालोद (छत्तीसगढ़), 27 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत बालोद जिले में साइबर अपराधों से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के दूसरे सप्ताह में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों के बैंकों, पोस्ट ऑफिस और ग्रामीण इलाकों में नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और मैसेज, संदिग्ध लिंक, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल तथा डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत थाना मंगचुआ के ग्राम रेंगाडाबरी ग्रामीण बैंक, थाना सुरेगांव के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, साइबर सेल एवं थाना बालोद द्वारा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बालोद और जेएसकेबी दुधली, थाना दल्लीराजहरा द्वारा पोस्ट ऑफिस एवं एसबीआई दल्लीराजहरा, थाना देवरी द्वारा बैंक ऑफ बड़ौदा तथा पुलिस चौकी पिंकापार द्वारा सीजी ग्रामीण बैंक में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों में नागरिकों को समझाइश दी गई कि वे OTP, UPI PIN, CVV, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान QR कोड स्कैन करने और अज्ञात ऐप या APK डाउनलोड करने से भी बचने की सलाह दी गई।
‘जागरूक बनें, 5-10 लोगों को जागरूक करें’
बालोद पुलिस ने नागरिकों से स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने के साथ कम से कम 5 से 10 अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी देने की अपील की। पुलिस ने कहा कि सामूहिक जागरूकता से साइबर अपराधों की रोकथाम में मदद मिल सकती है।
पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन वित्तीय ठगी होने पर पीड़ित को बिना देरी राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए और संबंधित पुलिस थाने को भी सूचना देनी चाहिए। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।
बालोद पुलिस ने नागरिकों से डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्क रहने, गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।










