लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव कैबिनेट से मंजूर:25 साल संख्या नहीं बदलेगी; 30 नवंबर को लोकसभा, 2 दिसंबर को राज्यसभा में बिल आएगा
By Dinesh chourasiya
कैबिनेट ने देश की लोकसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी करने का प्रस्ताव पास कर दिया है। इसके बाद अगले 25 साल सीटों की संख्या नहीं बदलेगी। पीएम मोदी की अध्यक्षता में सेवा तीर्थ में करीब एक घंटे की मीटिंग में इस संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दी गई।







न्यूज एजेंसी PTI के सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा में अभी 543 सीटें हैं। 50% बढ़ोतरी के बाद यह संख्या 815 हो जाएगी, यानी 272 सीटें बढ़ेंगी। बढ़ी हुई सभी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं।
इस बैठक से पहले केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा था कि 30 नवंबर को लोकसभा में महत्वपूर्ण बिल लाएंगे। विपक्ष इस बहस में हिस्सा ले।




इधर, कांग्रेस का कहना है कि सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े बिलों को पास कराने के लिए धोखे से बहुमत जुटा रही है। कांग्रेस ने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है।
संसद सत्र में शामिल होने के लिए आज शाम 4:30 बजे दिल्ली में संसदीय रणनीति समूह की बैठक होगी। शनिवार को INDIA ब्लॉक के नेता मीटिंग करेंगे
कैबिनेट ने परिसीमन से जुड़े दो अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी
पहला: सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50% बढ़ाना और परिसीमन की प्रक्रिया को जनगणना से अलग करना। दूसरा: सरकार महिला आरक्षण से जुड़े कानून को लागू करने की दिशा में भी नए सिरे से प्रयास करना। इसी के तहत परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर विचार किया जा रहा है।





