दिसंबर के पहले सप्ताह में लग सकती है आचार संहिता बिरगांव, भिलाई निगमन समेत 4 निगमों में चुनाव, 30 नवंबर को अंतिम वोटर लिस्ट का प्रकाशन
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। अब राज्य निर्वाचन आयोग की घोषणा का इंतजार है।







राज्य निर्वाचन आयोग के पदाधिकारियों के अनुसार, 2 या 3 दिसंबर को राज्य निर्वाचन आयुक्त चुनाव की तारीखों के ऐलान और आचार संहिता लागू करने के निर्देश जारी कर सकते हैं।




दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान कराया जा सकता है। इससे पहले 30 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। इसके बाद आयोग चुनाव कार्यक्रम जारी कर सकता है।
इन चुनावों में बिरगांव, भिलाई, भिलाई-चरोदा और रिसाली समेत चार नगर निगमों और अन्य नगरीय निकायों में मतदान होगा। मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनेंगे। वहीं, राजनीतिक दलों ने उम्मीदवारों के चयन और वार्ड स्तर पर चुनावी समीकरण बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
1231 पदों के लिए होगा चुनाव
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, नगरीय निकायों में आम निर्वाचन और उपचुनाव मिलाकर कुल 417 पदों के लिए मतदान होगा। इनमें चार नगर निगमों में महापौर के 4, अध्यक्ष के 13 और पार्षद के 400 पद शामिल हैं।
इसके अलावा उपचुनाव में अध्यक्ष के एक और पार्षद के 6 पदों पर चुनाव होगा। वहीं, त्रिस्तरीय पंचायतों में कुल 814 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। इनमें जनपद पंचायत सदस्य का एक, सरपंच के 92 और पंच के 721 पद शामिल हैं।
इस तरह नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायतों को मिलाकर कुल 1231 पदों के लिए चुनाव होंगे।
देरी हुई तो नियुक्त करने पड़ सकते हैं प्रशासक
चुनाव कार्यक्रम जारी करने में देरी होने पर कुछ नगरीय निकायों में प्रशासक नियुक्त करने पड़ सकते हैं। ऐसे में दिसंबर का पहला सप्ताह राजनीतिक और प्रशासनिक, दोनों लिहाज से अहम रहेगा।
इससे पहले साल 2024 में भी नगरीय निकायों का कार्यकाल पूरा होने के बाद प्रशासक नियुक्त किए गए थे।
पिछली बार 23 दिन में पूरी हुई थी चुनावी प्रक्रिया
2021 में नवंबर के अंतिम सप्ताह में चुनाव कार्यक्रम जारी हुआ था। इसके बाद 20 दिसंबर को मतदान कराया गया था। यानी चुनाव की अधिसूचना जारी होने से मतदान तक करीब 23 दिन का समय मिला था।
इसी समय-सीमा को देखते हुए इस बार भी दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, चुनाव की तारीखों पर अंतिम फैसला राज्य निर्वाचन आयोग की घोषणा के बाद ही होगा।





