
वृद्धाश्रम में विधिक सेवा शिविर, बुजुर्गों को श्रवण यंत्र और दिव्यांग बच्ची को ट्राईसाइकिल
अविनाश साहू संवादाता पत्रकार
बालोद, छत्तीसगढ़, 25 सितंबर 2026: छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर से आए न्यायिक अधिकारियों की सहभागिता में बालोद के वृद्धाश्रम में विधिक सेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में वृद्धजनों और जरूरतमंद हितग्राहियों को विधिक अधिकारों तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
नालसा की योजनाओं और विधिक सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों को श्रवण यंत्र प्रदान किए गए। इससे उन्हें दैनिक जीवन में होने वाली श्रवण संबंधी कठिनाइयों से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं एक दिव्यांग बच्ची को आवागमन में सुविधा और आत्मनिर्भरता के उद्देश्य से ट्राईसाइकिल प्रदान की गई।
शिविर में वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और अन्य जरूरतमंद वर्गों तक विधिक सेवाओं तथा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने हितग्राहियों को उपलब्ध योजनाओं और उनके अधिकारों की जानकारी भी दी।
छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के अवर सचिव अमित प्रताप चन्द्रा और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बालोद की सचिव भारती कुलदीप ने विधिक सेवा संस्थाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया और हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयासों की जानकारी ली।
शिविर के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि विधिक सेवा केवल न्यायालयों तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद और वंचित वर्गों तक पहुंचकर उनके अधिकारों एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना भी इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है। कार्यक्रम में बालोद जिले के पैरालीगल वालंटियर्स को भी मार्गदर्शन दिया गया।





