
गुण्डरदेही विधानसभा में आम आदमी पार्टी का महासदस्यता अभियान शुरू, अर्जुंदा हाट बाजार में लगाया कैंप
विजय कुमार रिपोर्ट (पत्रकार)
बालोद (छत्तीसगढ़), 27 अगस्त 2026। आम आदमी पार्टी ने सदस्यता अभियान के तहत गुरुवार को गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अर्जुंदा में महासदस्यता अभियान की शुरुआत की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने अर्जुंदा के हाट बाजार में कैंप लगाकर लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाने के साथ अभियान की जानकारी दी।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बाजार में घूमकर लोगों से संपर्क किया और उन्हें पार्टी के महासदस्यता अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। पार्टी पदाधिकारियों ने अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
अभियान में आम आदमी पार्टी किसान विंग के प्रदेश अध्यक्ष तारेंद्र चंद्राकर, जिला उपाध्यक्ष भुनेश्वर कुंभकार, ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेंद्र विश्वकर्मा, हरीश गजेंद्र और मेघनाथ कुंभकार सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, महासदस्यता अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र में लोगों से सीधे संपर्क कर उन्हें पार्टी से जोड़ने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।








