Uncategorized

आज से भिलाई में राम कथा का आयोजन:महिलाओं ने भव्य झांकियों के साथ निकाली कलश यात्रा, कई कथावाचक होंगे शामिल

By Dinesh chourasiya

महिलाओं द्वारा निकाली गई कलश यात्रा - Dainik Bhaskar

भिलाई के सिविक सेंटर क्षेत्र में 15 फरवरी से 22 फरवरी तक विशाल रामकथा का आयोजन होगा। जिसमें एमपी के जबलपुर से अनिकेत कृष्ण महराज, पंजाब के दोराहा से साध्वी निशा ऋतंभरा और वाराणसी उत्तर प्रदेश से साध्वी रिचा मिश्रा कथा करेंगे। सुबह 10 बजे झांकी और ढोल ताशों के साथ विशाल कलश यात्रा निकाली गई।

दरअसल, कथा शुरू होने से पहले सुबह 10 बजे से 500 से अधिक महिलाओं ने झांकी और ढोल ताशों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली। इसकी शुरुआत गणेश मंदिर सेक्टर 5 से शुरू हुई और सेंट्रल एवेन्यू चौक, बेरोजगार चौक से होते हुए सिविक सेंटर कथा स्थल पर समाप्त हुई।

ढोल ताशों के साथ निकाली गई शोभा यात्रा।

पहले राम भद्राचार्य की होने वाली थी राम कथा

इससे पहले बीजेपी सांसद विजय बघेल राम भद्राचार्य की राम कथा कराने वाले थे। अचानक उनकी तबीयत खराब होने से वो नहीं आ पाए। जिस पर बघेल ने कई बड़े राष्ट्रीय वक्ता के सानिध्य में राम कथा कराने का निर्णय लिया।

अनिकेत कृष्ण महाराज नर्मदा तट वाले कहेंगे हनुमंत कथा

इस विशाल धार्मिक आयोजन में कई बड़े राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कथा वक्ता शामिल होंगे। इसमें अनिकेत कृष्ण महाराज नर्मदा तट वाले भी पहुंच रहे हैं। वो यहां 16 और 17 फरवरी को दोपहर 2.30 बजे से हनुमंत कथा पर प्रवचन और शाम 8 बजे से दिव्य दरबार हरि इच्छा तक करेंगे।

साध्वी ऋतंभरा के साथ भक्त राम भक्ति में रमेंगे

इस कार्यक्रम में पंजाब के दोराहा से साध्वी निशा ऋतंभरा भी कथा करने आ रही हैं। कथा व्यास ऋतंभरा राम भक्तों को भक्ति सागर में गोता लगवाएंगे। इनका प्रवचन 21 और 22 फरवरी को होगा l इसके साथ ही वाराणसी उत्तर प्रदेश से साध्वी रिचा मिश्रा भी कथा वाचक के रूप में मौजूद रहेंगी।

एक एकड़ क्षेत्र में 108 यज्ञ कुंडों का होगा निर्माण

आयोजन समिति के निशु पाण्डेय ने बताया कि दुर्ग सांसद विजय बघेल ने छत्तीसगढ़वासियों के सुख शान्ति और उनकी निरोगी काया के लिये राम भक्तों संग 20 फरवरी को स्वयं सुन्दर कांड करेंगे। इसके साथ ही भिलाई के इतिहास का अब तक का सबसे विशाल धार्मिक आयोजन किया जाएगा।

इसमें कथा के साथ-साथ एक एकड़ क्षेत्रफल में 108 यज्ञ कुंडों का निर्माण किया गया है। इस आयोजन में श्रीराम बालक दास महाराज सिद्धि प्राप्त संतों के सानिध्य में 108 कुंडीय संकट मोचन, मनोकामना पूर्ति के लिए हनुमत महायज्ञ करके भिलाई के वातावरण को शुद्ध करेंगे।

Related Articles

Back to top button