CG में मंत्री सुनेंगे आम लोगों की समस्याएं:भाजपा कार्यालय में फिर से शुरू होंगे सहायता केंद्र,
By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के आम लोग मंत्रियों से मुलाकात कर सकेंगे। अपनी परेशानियां बता सकेंगे। ये मौका भाजपा के कार्यकर्ताओं को भी मिलेगा। वो भी अपने काम करवा सकेंगे। इसके लिए प्रदेश भाजपा कार्यालय में सहायता केंद्र खुलेंगे।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में ये सेंटर शुरू किया जा रहा है। यहां हर दिन अलग-अलग विभाग के मंत्री लोगों से मिलेंगे। सहायता केंद्र प्रभारी संजय श्रीवास्तव ने बताया कि 4 जुलाई को मंत्री लखनलाल देवांगन और प्रदेश महामंत्री भरत लाल वर्मा, 5 जुलाई को मंत्री दयालदास बघेल और प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा लोगों से मिलेंगे।







इसके बाद 8 जुलाई को उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, 9 जुलाई को मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल एवं प्रदेश महामंत्री रामजी भारती कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मिलेंगे।
गुरुवार को मिलेंगे CM साय
गुरुवार को सुबह 11 बजे से मुख्यमंत्री भी आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे। बीते 27 जून से इसकी शुरुआत हो चुकी है। ये जनदर्शन साप्ताहिक होता है। हर गुरुवार को या मुख्यमंत्री की उपलब्धता के आधार पर इसे आयोजित किया जाएगा। लोग यहां आकर CM साय से अपनी समस्या बता सकेंगे।











