दुर्ग जिले में डकैती मामले में मप्र की गैंग शामिल होने का अंदेशा, क्राइम ब्रांच सहित चार टीमें भेजी गई दूसरे राज्य
By Dinesh chourasiya








अंजोरा थाना अंतर्गत रसमड़ा में टिंबर व्यवसायी के घर हुई डकैती के आरोपियों की तलाश मध्यप्रदेश के राजस्थान सीमा से जुड़े जिलों में की जा रही है। इसके लिए क्राइम एंड साइबर यूनिट की चार टीमें डकैतों के संभावित निवास क्षेत्र में भेजी गई है। घटना स्थल के पास मिले सीसीटीवी में 5 संदिग्ध नजर आए हैं। वहीं पुलगांव थाना और अंजोरा चौकी की दो टीमें स्थानीय होटल और लॉज में आरोपियों के छिपे होने की संभावना के तहत लगातार छापामार कार्रवाई में जुट गई हैं। घटना स्थल से होकर जिले से बाहर जाने वाले सभी रास्तों पर लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
शनिवार तड़के करीब 3 बजे टिंबर व्यवसायी दिलीप मिश्रा के घर डकैती की वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश में पुलिस की छह टीमें जुटी हुई है। जांच में लगी पुलिस की सभी टीमों को वारदात के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराए गए हैं। जिस तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे इसमें शामिल गिरोह के मध्यप्रदेश के देवास, धार व झाबुआ जिले के होने की संभावना पुलिस के आला अधिकारी जता रहे हैं। इसी संभावना के तहत क्राइम एंड साइबर यूनिट की चार टीमें देवास, धार और झाबुआ जिले में रवाना की गई है।
जिले में लंबे समय बाद पेशेवर अंदाज में डकैती की वारदात हुई है। इसके चलते ऐसे पुराने पुलिस कर्मियों की मदद ली जा रही है, जिन्होंने ऐसे पूर्व के दुर्ग समेत अन्य जिलों में हुए प्रकरण को सॉल्व करने में अपनी अहम भूमिका अदा की हो। क्राइम ब्रांच में सेवा दे चुके कई सेवानिवृत्त हो गए हैं तो कुछ अधिकारी और कर्मचारी अभी थानों में पदस्थ हैं।











