दुर्ग सांसद विजय बघेल के आवास में पसरा सन्नाटा:मोदी कैबिनेट में जगह ना मिलने से कार्यकर्ताओं में निराशा; जिलाध्यक्ष बोले- पार्टी का निर्णय सर्वमान्य
By Dinesh chourasiya

भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी कैबिनेट की घोषणा कर दी है। इसमें छत्तीसगढ़ से बिलासपुर के सांसद तोखन साहू का भी नाम शामिल है। दुर्ग सांसद विजय बघेल के मंत्री बनने की चर्चा काफी थी, लेकिन उनका नाम नहीं आया। इससे दुर्ग जिले के कार्यकर्ताओं में निराशा है। सुबह तक जहां सांसद आवास में चहल पहल थी वहां शाम तक सन्नाटा पसर गया।
जब हमारी टीम शाम को सांसद विजय बघेल के आवास पहुंची तो वहां कोई भी नहीं दिखा। चारों तरफ सन्नाटा था। जब कुछ लोगों से चर्चा की गई तो उन्होंने इस पर कुछ भी कहने से मना कर दिया। आपसी चर्चा में भाजपा कार्यकर्ताओं और सांसद समर्थकों का कहना है कि विजय बघेल ने एक श्रेष्ठ घोषणा पत्र दिया। उसकी बदौलत छत्तीसगढ़ में भाजपा की वापसी हुई।







साथ ही साथ भले ही पूरे देश में भाजपा ने संसदीय चुनाव में पिछले चुनाव जितना अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, लेकिन छत्तीसगढ़ ने फिर से मोदी जी को उसी तरह प्यार दिया और फिर से यहां से 10 सीटे मिलीं। सांसद विजय बघेल की बात करें तो उन्हें उनके संसदीय क्षेत्र में जनता का इतना प्यार मिला उन्होंने मोदी जी के तर्ज पर अपने लिए “अबकी बार 4 लाख पार” का नारा दिया। जनता ने उसे स्वीकारा और विजय बघेल चार लाख से अधिक मतों से विजयी हुए।
पूरे दुर्ग भिलाई ही नहीं छत्तीसगढ़ में भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ता इस पर टकटकी लगाकर रखे थे कि मंत्री विजय बघेल बनेंगे या फिर बृजमोहन अग्रवाल। लेकिन ऐसा नहीं हुआ बिलासपुर से सांसद तोखन साहू को मंत्री पद मिला। इससे भाजपाइयों में खुशी तो है कि छत्तीसगढ़ से किसी को मोदी कैबिनेट में जगह मिली, लेकिन साथ ही निराशा भी है कि जिसकी दावेदारी थी उनका नाम नहीं आया। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि अभी मोदी कैबिनेट के पूरे नाम नहीं आए हैं। हो सकता है आगे विजय बघेल का नाम मंत्री मंडल में जोड़ा जाए।
पार्टी का निर्णय सर्वमान्य, नहीं है कोई निराशा




भारतीय जनता पार्टी के भिलाई जिलाध्यक्ष महेश वर्मा का कहना है कि विजय बघेल बड़े नेता हैं। ऐसे नेता पद की लालसा को लेकर सेवा कार्य से नहीं जुड़ते हैं। भारतीय जनता पार्टी ने जो निर्णय लिया है वो सर्वमान्य है। हमे खुशी है कि छत्तीसगढ़ को मोदी कैबिनेट में जगह मिली है। यह गर्व की बात है। हमें उम्मीद थी कि विजय बघेल मंत्री बनेंगे, लेकिन छत्तीसगढ़ से तोखन साहू को मंत्री बनाया जा रहा है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार है।







