Uncategorized

भिलाई में गृहमंत्री शर्मा बोले-बांग्लादेशियों को निकाला जाएगा बाहर:बस्तर से 500, कवर्धा से 350 घुसपैठियों को बाहर भेजा गया, 46 बांग्लादेशी अभी जेल में हैं

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने भिलाई में बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश से आने वाले लोग छत्तीसगढ़ में जहां भी होंगे, उन्हें वहां से निकाला जाएगा और बाहर भेजा जाएगा। यह कार्रवाई प्रदेश में चलेगी।

विजय शर्मा ने कहा कि कोंडागांव जिले से 46 बांग्लादेशी अभी जेल में हैं। इसी तरह बस्तर से लगभग 500 और कवर्धा जिले से करीबन 350 बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर भेजा गया है। जहां भी बांग्लादेश से आए लोगों के रहने की जानकारी उन्हें मिलेगी, पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी।

गृहमंत्री का स्वागत करते दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव

गिरफ्तार कर वापस उनके देश भेजा जाएगा

गृहमंत्री ने कहा कि अगर वह लोग गलत तरीके से यहां आए होंगे तो उनको गिरफ्तार कर वापस उनके देश भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि दुर्ग जिले में भी बांग्लादेशी लोगों के रहने की जानकारी मिली है। जल्द ही उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।

नक्सलियों को मुख्य धारा से जोड़ने का काम करेगी सरकार

गृहमंत्री ने कहा कि जंगलों में बंदूक लेकर घूमने वाले नक्सलियों को मुख्य धारा में लाने का हमारा मुख्य उद्देश्य है। बस्तर ओलिंपिक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आ रहे हैं। उस दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कई बड़ी योजनाओं की घोषणा करेंगे।

साथ ही साथ यह भी आह्वान करेंगे कि जंगल में बंदूक लेकर घूमने वाले नक्सली मुख्य धारा से जुड़ें। वापस आकर समाज की सेवा की प्रक्रिया को अपनाएं।

नक्सली रह चुके लोग भी शामिल होंगे बस्तर ओलंपिक में

गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर ओलिंपिक में हिस्सा लेने के लिए 100 से अधिक ऐसे लोगों को बुलाया गया है, जो कभी जंगलों में बंदूक लेकर घूमा करते थे, लेकिन आज वह मुख्यधारा से जुड़कर समाज के बड़े ओहदे पर हैं। सरकारी नौकरी में हों, कला के क्षेत्र में नाम किया है या बड़े व्यापारी बने हों वो भी शामिल होंगे।

नगर निगम चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा एक दिवसीय दौरे पर दुर्ग शहर पहुंचे थे। रविवार शाम को उन्होंने सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को टिप्स दिए और उनसे भी सुझाव मांगे।

Related Articles

Back to top button