
पति के सामने गर्भवती पत्नी से गैंगरेप, झगड़ा के बाद घर से भागी थी महिला
घरेलू झगड़े के बाद घर से भागी एक गर्भवती महिला के साथ 6 लोगों ने गैंगरेप कर दिया। आरोपियों ने महिला के पति के सामने ही वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद महिला को अगवा कर ले गए। पति की रिपोर्ट पर पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर महिला को बरामद कर लिया है।
यह पूरा मामला झारखंड के पलामू जिले का है। यहां के रहने वाले एक शख्स ने बताया कि उसकी पत्नी घर से झगड़ा कर चली गई थी। काफी खोजबीन करने पर वह सतबरवा थाना क्षेत्र में बकोरिया के पास मिली। महिला अपने पति से नाराज होकर लातेहार के मनिका के इलाके में अपने मायके जा रही थी। इसी बीच उसका पति बाइक से सतबरवा पहुंचा और पैदल जा रही पत्नी को मनाने लगा। इसी दौरान एक और रिश्तेदार भी पहुंचा और महिला को मनाने की कोशिश करने लगा। महिला का पति और एक परिजन उसे मनाते रहे लेकिन वह घर लौटने को तैयार नहीं हुई। इसी बीच छह लोग वहां आ धमके और महिला से छेड़छाड़ करने लगे।







पीड़ित महिला के पति ने बताया कि आरोपी उनको क्रशर की ओर ले गए और फिर जमकर मारपीट की। आरोपियों ने महिला के बहनोई के भाई की जमकर पिटाई की, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद उसकी भी पिटाई की गई और उसके सामने ही उसकी पत्नी के साथ अपराधियों ने दुष्कर्म किया। इसी बीच किसी तरह वह वहां से भागा तो रास्ते में मनिका थाना पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी नजर आई।
पीड़िता के पति ने मनिका थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी तो उन्होंने सतबरवा थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही। पति की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। देर रात बाकी चार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इसके साथ ही पीड़ित महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।











