राजनीति

पीएम मोदी को पनौती’कहना राहुल गांधी को पड़ा भारी चुनाव आयोग ने दिया नोटिस, जवाब देने के लिए 25 नवंबर तक का दिया समय…

By Dinesh chourasiya

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक बार फिर अपने बयान को लेकर घिर गए हैं. पीएम मोदी को पनौती बताने वाले राहुल गांधी को चुनाव आयोग ने नोटिस जारी कर 25 नवंबर तक जवाब मांगा है.

गौरतलब है कि कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेता राहुल गांधी के बयान को लेकर बीजेपी नेताओं ने कार्रवाई की मांग की थी. पार्टी महासचिव राधा मोहन दास अग्रवाल, ओम पाठक सहित पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग को ज्ञापन भी सौंपा था.

ज्ञापन में मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के खिलाफ धोखाधड़ी, आधारहीन और अपमानजनक आचरण के लिए उचित कानूनी कार्रवाई करके तत्काल हस्तक्षेप किए जाने की मांग की गई.

ज्ञापन में कहा गया है कि कांग्रेस नेताओं के बयान चुनावी माहौल को खराब कर देंगे. इससे सम्मानित व्यक्तियों को बदनाम करने के लिए अपशब्दों, आपत्तिजनक भाषा का उपयोग और झूठी खबरों को रोकना मुश्किल हो जाएगा.

राहुल के बयान पर बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पर राहुल गांधी का बयान घोर निंदनीय है और इसके लिए उन्हें माफी मांगनी ही होगी. उन्होंने साफ कर दिया कि माफी नहीं मांगने की स्थिति में भाजपा इसे गंभीर मुद्दा बना सकती है.

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने अहमदाबाद में विश्व कप क्रिकेट के फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया से भारत की हार के बाद पीएम पर विवादित टिप्पणी की थी. राहुल ने राजस्थान में एक चुनावी भाषण में मोदी के खिलाफ ‘पनौती’ शब्द का इस्तेमाल किया था.

Related Articles

Back to top button