
रक्षाबंधन से पहले महिलाओं को मुख्यमंत्री साय की सौगात, 67.28 लाख हितग्राहियों के खातों में पहुंचेगी 31वीं किस्त
डौण्डीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे DBT के जरिए राशि का अंतरण
रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद, 25 अगस्त 2026। रक्षाबंधन पर्व से पहले मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मंगलवार को प्रदेश की महिलाओं को महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री विकासखंड मुख्यालय डौण्डीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित बिहान दीदी एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं के सम्मान समारोह के दौरान योजना की राशि का डीबीटी के माध्यम से अंतरण करेंगे।
इस अवसर पर राज्य के 67 लाख 28 हजार 918 हितग्राहियों के खातों में कुल 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। वहीं, बालोद जिले के 2 लाख 45 हजार 28 हितग्राहियों के खातों में 22 करोड़ 66 लाख 29 हजार 350 रुपये की राशि पहुंचेगी।
रक्षाबंधन से पहले जारी होगी सितंबर की किस्त
महतारी वंदन योजना के तहत 31वीं किस्त की राशि सितंबर 2026 में जारी की जानी थी, लेकिन रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा इसे निर्धारित समय से पहले जारी किया जा रहा है। मंगलवार को डौण्डीलोहारा में आयोजित समारोह के दौरान पात्र महिलाओं के खातों में यह राशि डीबीटी के जरिए अंतरित की जाएगी।
राज्य सरकार के अनुसार, योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के साथ चिकित्सा, स्वास्थ्य और सुपोषण से जुड़ी जरूरतों में भी मददगार साबित हो रही है।
अब तक 30 किस्तों में ₹19,444 करोड़ की सहायता
महतारी वंदन योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश की लाभार्थी महिलाओं को 30 किस्तों में 19,444 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। कई महिलाएं इस राशि का उपयोग अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में राशि जमा करने तथा विभिन्न आर्थिक गतिविधियों में भी कर रही हैं।
सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और परिवार एवं समाज के विकास में उनके योगदान को और अधिक सशक्त करना है।







