
रक्षाबंधन से पहले महिलाओं को मुख्यमंत्री साय की बड़ी सौगात, 68 लाख महिलाओं के खातों में आएगी 31वीं किस्त
बालोद की 2.45 लाख महिलाएं होंगी लाभान्वित, कुपोषित बच्चों की माताओं को सुपोषण किट और महिलाओं को मुनगा पौधे भी वितरित किए जाएंगे
रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद, 24 अगस्त 2026। रक्षाबंधन पर्व से पहले छत्तीसगढ़ की मातृ शक्तियों को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय मंगलवार 25 अगस्त को बालोद जिले के डौण्डीलोहारा स्थित लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित बिहान दीदी एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं के सम्मान समारोह में शामिल होंगे और प्रदेश की 68 लाख महिलाओं के खातों में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि का अंतरण करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जिले की बिहान दीदियों एवं विभिन्न स्व-सहायता समूहों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी करेंगे। बालोद जिले की 2 लाख 45 हजार महिला हितग्राही महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त से लाभान्वित होंगी।
कुपोषित बच्चों की माताओं को सुपोषण किट, महिलाओं को मिलेंगे मुनगा पौधे
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय कुपोषण मुक्ति अभियान के तहत कुपोषित बच्चों की माताओं को सुपोषण किट वितरित करेंगे। वहीं ‘हर घर मुनगा’ अभियान के अंतर्गत समारोह में उपस्थित महिलाओं को एक-एक मुनगा पौधा भी प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने जनप्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रम स्थल लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने कार्यक्रम के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष श्री सौरभ लुनिया, नगर पंचायत डौण्डीलोहारा के अध्यक्ष श्री लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना, एसडीएम श्री शिवनाथ बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







