
नमो ड्रोन दीदी योजना से चित्ररेखा साहू की बदली जिंदगी, आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भर रही नई उड़ान
किसानों के खेतों में नैनो उर्वरकों का ड्रोन से करती हैं छिड़काव, बेहतर आय से बेटी की शिक्षा पर भी दे रहीं ध्यान
रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद, 24 अगस्त 2026। नमो ड्रोन दीदी योजना ने बालोद जिले की चित्ररेखा साहू को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का नया अवसर दिया है। सफल ड्रोन दीदी के रूप में पहचान बनाने वाली चित्ररेखा अब आधुनिक कृषि यंत्र ड्रोन के माध्यम से किसानों के खेतों में नैनो उर्वरकों के छिड़काव का कार्य कर रही हैं।
चित्ररेखा साहू बताती हैं कि ड्रोन दीदी बनने के बाद उन्हें एक नई पहचान मिली है। आज लोग उन्हें उनके नाम के साथ-साथ ‘ड्रोन दीदी’ के नाम से भी जानते हैं। योजना के माध्यम से उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला और अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए बेहतर आय प्राप्त हो रही है।
उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति में सुधार आने के बाद उन्होंने अपने लिए स्कूटी खरीदी, इसके बाद अपने घर का निर्माण कार्य पूरा कराया। अब वे अपनी बेटी को बेहतर शिक्षा दिलाने की दिशा में भी लगातार प्रयास कर रही हैं।
चित्ररेखा साहू के अनुसार, ड्रोन के माध्यम से खेती में नैनो उर्वरकों का छिड़काव किसानों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है। इससे उन्हें आधुनिक कृषि तकनीक से जुड़कर काम करने का अवसर मिला है और वे किसानों की मददगार बनकर अपनी आजीविका को भी मजबूत कर रही हैं।
महिला हितैषी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार
चित्ररेखा साहू ने कहा कि शासन द्वारा महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने महतारी वंदन योजना को भी महिलाओं के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे महिलाओं को अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक सहारा मिल रहा है।
ड्रोन दीदी चित्ररेखा साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय को धन्यवाद देते हुए रक्षाबंधन पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।






