Aradhna news BalodBalodCRIMEUncategorizedअंतर्राष्ट्रीयछत्तीसगढ़राजनीतिराज्य
Trending

नशे के खिलाफ बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब और गांजा के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

40 पौवा देशी शराब और 1.086 किलो गांजा बरामद, स्कूटी सहित कुल ₹74,300 की सामग्री जब्त

रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)

बालोद, 16 अगस्त 2026। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बालोद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 40 पौवा देशी शराब तथा दो अन्य आरोपियों के कब्जे से 1.086 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त किया गया है। दोनों मामलों में जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब ₹74,300 बताई गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बालोद श्री विनय कुमार साहू के पर्यवेक्षण में की गई।

घर के सामने दुकान से 40 पौवा देशी शराब बरामद

 

पहले मामले में 13 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कोरगुड़ा में सुदामाराम देवांगन अपने घर के सामने स्थित दुकान से अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस ने आरोपी सुदामाराम पिता बोलूराम देवांगन, उम्र 58 वर्ष, निवासी ग्राम कोरगुड़ा को पकड़ा। तलाशी के दौरान सफेद रंग की बोरी में रखे 40 पौवा सवा शेरा प्लेन देशी मदिरा, प्रत्येक पौवा 180 एमएल, कुल 7.200 बल्क लीटर शराब बरामद हुई। इसकी कीमत करीब ₹3,200 बताई गई है।

 

आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

 

स्कूटी की डिक्की से 1.086 किलो गांजा बरामद

 

दूसरे मामले में 13 अगस्त की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम तरौद के रावण चौक रंगमंच के पास दो व्यक्ति स्कूटी क्रमांक CG 08 AA 7225 की डिक्की में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

 

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रेम देशमुख, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम तरौद एवं मोनू यादव उर्फ पुष्कर, उम्र 19 वर्ष, निवासी अर्जुन्दा को पकड़ा।

 

तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से खाकी रंग के टेप से लिपटा पैकेट तथा 8 नग जिपर पॉलीथीन में रखा गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार गांजे का कुल वजन 1.086 किलोग्राम तथा अनुमानित कीमत ₹54,300 है। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी की कीमत करीब ₹20,000 बताई गई है।

 

दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

 

कुल ₹74,300 की सामग्री जब्त

 

बालोद पुलिस ने दोनों मामलों में कुल ₹74,300 की सामग्री जब्त की है, जिसमें 40 पौवा देशी शराब, 1.086 किलोग्राम गांजा और स्कूटी शामिल है।

 

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के कारोबार तथा अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

 

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

 

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक आशमा कुर्रे, आरक्षक संजय सोनी, बनवाली साहू, भुपेश साहू एवं रवि साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button