आईगोट कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर हर माह 1 घंटे का कोर्स करना अनिवार्य
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को दिए निर्देश
विजय कुमार रिपोर्ट (पत्रकार)
बालोद, 21 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के तहत जिले के प्रत्येक विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को अब आईगोट कर्मयोगी (iGOT Karmayogi) प्लेटफॉर्म पर हर माह न्यूनतम एक घंटे का कोर्स पूरा करना अनिवार्य होगा।
शासन के निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के सभी विभाग एवं कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे स्वयं तथा अपने अधीनस्थ सभी अधिकारी-कर्मचारियों को प्रत्येक माह आईगोट कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर न्यूनतम 01 घंटे का प्रशिक्षण कोर्स अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं।
इस पहल का उद्देश्य शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के ज्ञान, कौशल एवं कार्यक्षमता में निरंतर वृद्धि करना तथा उन्हें विभिन्न विषयों पर आधुनिक एवं उपयोगी प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
कलेक्टर ने सभी कार्यालय प्रमुखों को शासन के निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने तथा अपने अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों को निर्धारित समयावधि में कोर्स पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं।




