Uncategorized

भिलाई में प्रदीप मिश्रा ने Gen-Z को अच्छे संस्कारों की दिलाई शपथ:बोले- PM मोदी को गाली देना कैसा संस्कार, 

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ के दुर्ग जिले के भिलाई में चल रही शिव महापुराण कथा के चौथे दिन कथावाचक प्रदीप मिश्रा ने दिल्ली के जेन-जी प्रोटेस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित गाली-गलौज को लेकर युवाओं के संस्कारों पर सवाल उठाए। उन्होंने व्यासपीठ से कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कह देना, ये कौन से संस्कार हैं?

इसके बाद कथा सुनने आए जेन-जी लड़के-लड़कियों को खड़ा कर देश की मर्यादा और संस्कारों को बनाए रखने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने व्यासपीठ से अपील करते हुए कहा बच्चों को कार भले मत दिलाओ। कार दिलाओगे तो बच्चे बेचकर खा जाएंगे। बच्चों को संस्कार दिलाओ तो वे कारों की लाइन लगा देंगे।

प्रधानमंत्री को गाली देने पर जेन-जी के संस्कारों पर सवाल

आज देखिए, क्या हो रहा है? कहीं न कहीं हमारे बच्चे संस्कारों से दूर हो रहे हैं। अभी कुछ दिन पहले हमने दिल्ली का नजारा देखा था। क्या संस्कार थे? भारत को विश्वगुरु बनाने की पहल करने वाले और विदेशों में भी जिस भारत का डंका बज रहा है, जो हर सनातनी के दिल में निवास करते हैं, ऐसे प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी, जो राजगद्दी पर बैठे हैं, उन्हें तुम अपशब्द कह रहे हो। ये जेन-जी है? क्या ये आज की जनरेशन है? इसे संस्कार कहेंगे?”

कथा में युवाओं को खड़ा कर दिलाई शपथ

प्रदीप मिश्रा ने कथा में मौजूद युवा लड़के-लड़कियों को खड़ा कराया और देश के प्रति जिम्मेदारी की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से भारत की मर्यादा और संस्कारों को बनाए रखने का संकल्प लेने को कहा।

शपथ के दौरान उन्होंने युवाओं से कहलवाया कि हम भारत के हैं और भारत हमारा है। भारत की मर्यादा और संस्कारों के लिए कभी हम अपनी शिक्षा को लज्जित नहीं होने देंगे। खूब पढ़ेंगे और छत्तीसगढ़ और देश को भी आगे बढ़ाएंगे।

महंगे कॉलेज में पढ़ाओ, लेकिन संस्कार भी दो

प्रदीप मिश्रा ने पेरेंट्स से कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा दें, महंगे से महंगे कॉलेज में पढ़ाएं, अच्छे कपड़े और अच्छा भोजन दें, लेकिन इसके साथ उन्हें अच्छे संस्कार और ज्ञान भी दें। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को संस्कारों में ढालने से एक ऐसा इतिहास बनेगा, जिसमें हम गर्व से कह सकेंगे हमर छत्तीसगढ महान, मेरा छत्तीसगढ़, मेरा देश महान कहेंगे।

स्कूलों में मंत्र और राष्ट्रगीत का भी किया जिक्र

प्रदीप मिश्रा ने छत्तीसगढ़ के स्कूलों में प्रार्थना और मंत्र-पाठ अनिवार्य किए जाने की तारीफ की। कहा कि छत्तीसगढ़ से सभी स्कूलों में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरुमंत्र महापुरुषों के जीवन का वाचन शांति मंत्र कराया जा रहा है।

इसे सनातनी पहल और भारत को विश्वगुरु बनाने की पहल बताया। कहा कि आने वाली पीढ़ी जब संस्कारों में ढलेगी तो उसके भीतर देश और छत्तीसगढ़ के प्रति गर्व की भावना पैदा होगी। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव की तारीफ की।

‘बच्चों की शादी सादगी से करो’

कथा के दौरान प्रदीप मिश्रा ने भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि शादी, धन और वैभव के प्रदर्शन से नहीं, बल्कि संस्कारों के साथ हुई थी। बच्चों के विवाह के लिए आप कर्ज नहीं लीजिए उनके विवाह सादगी के साथ करें।

उन्होंने माता-पिता से बच्चों की शादी में दिखावे और ज्यादा खर्च से बचने की अपील की। कहा कि बच्चों की शादी में जरूरत से ज्यादा खर्च करने के बजाय सादगी से विवाह करें और बच्चों को संस्कार दें।

………………

Related Articles

Back to top button