
गुरुर में विद्युत सुरक्षा कार्यशाला, मैदानी कर्मचारियों को बताए सुरक्षित कार्य के गुर
बिजली लाइनों पर काम करते समय सुरक्षा उपकरणों के सही इस्तेमाल और सावधानियों की दी गई जानकारी
अविनाश साहू संवादाता (पत्रकार)
बालोद, 21 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के अंतर्गत वितरण केंद्र गुरुर में तकनीकी एवं मैदानी कर्मचारियों के लिए ‘विद्युत सुरक्षा कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सबडिविजन गुरुर सहित गुरुर, पलारी और पुरुर वितरण केंद्रों में पदस्थ लाइन कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्युत लाइनों पर कार्य करते समय कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों, सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।
सुरक्षा उपकरणों के उपयोग का दिया गया प्रशिक्षण
कार्यशाला में अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री एस. मनोज ने तकनीकी एवं ठेका कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य करने तथा लाइन मेंटेनेंस के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी लापरवाही विद्युत दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। इसलिए कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करते हुए पूरी सतर्कता बरतना जरूरी है।
कर्मचारियों को सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट, सुरक्षा दस्ताने, टेस्टर और डिस्चार्ज रॉड सहित विभिन्न सुरक्षा उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी गई। उपकरणों के सही एवं सुरक्षित इस्तेमाल का प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया गया।
खुद के साथ सहकर्मियों और आम नागरिकों की सुरक्षा पर जोर
अधिकारियों ने कर्मचारियों को समझाया कि विद्युत लाइनों पर कार्य करते समय केवल अपनी ही नहीं, बल्कि सहकर्मियों और आसपास मौजूद आम नागरिकों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यशाला में सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाकर विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने और शून्य विद्युत दुर्घटना के लक्ष्य को प्राप्त करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में कार्यपालन अभियंता श्रीमती अनसुईया ठाकुर, सहायक अभियंता श्री एच.के. यादव, कनिष्ठ अभियंता श्री दुष्यंत पोया एवं सुश्री उदिता साहू सहित विभाग के तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे।







