
साइबर जागृति अभियान के पहले सप्ताह में 200 विद्यार्थियों को किया जागरूक
गुरुर के स्वामी आत्मानंद स्कूल में साइबर अपराध, सोशल मीडिया सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की दी जानकारी
रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद, 17 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत बालोद पुलिस द्वारा जिले में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के प्रथम सप्ताह में स्कूल एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों और शिक्षकों को डिजिटल सतर्कता एवं बुनियादी साइबर सुरक्षा की जानकारी दी जा रही है।
इसी क्रम में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, गुरुर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया की सुरक्षा एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
ऑनलाइन ठगी और फर्जी लिंक से बचने की दी समझाइश
कार्यक्रम में साइबर सेल प्रभारी श्री धरम भूआर्य, PSI सुश्री वीणा मरावी, प्रधान आरक्षक श्री रूमलाल चुरेंद्र सहित पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराध और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के बारे में जानकारी दी।
विद्यार्थियों को समझाइश दी गई कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, संदिग्ध कॉल एवं मैसेज से सावधान रहें तथा OTP, PIN, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
1930 पर तत्काल शिकायत करने की दी जानकारी
विद्यार्थियों को मजबूत पासवर्ड रखने, मोबाइल एवं इंटरनेट का सुरक्षित इस्तेमाल करने और सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर अपराध होने की स्थिति में बिना देरी राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
QR कोड स्कैन कर ली जागरूकता सेल्फी
‘साइबर जागृति अभियान’ की जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में शिक्षकों को QR कोड स्कैन कर साइबर जागरूकता की सेल्फी लेने और उसे सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में साइबर सेल प्रभारी धरम भूआर्य, PSI वीणा मरावी, प्रधान आरक्षक रूमलाल चुरेंद्र, आरक्षक भोपसिंह साहू, विपिन गुप्ता, मनीष ठाकुर, कोमल साहू एवं महिला आरक्षक नमिता यादव सहित पुलिस टीम मौजूद रही।
विद्यालय की ओर से प्राचार्य श्री बी.पी. यादव सहित शिक्षकगण एवं लगभग 200 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
बालोद पुलिस की अपील
जिला बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्क रहें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंकिंग विवरण अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।





