Aradhna news BalodBalodCRIMEUncategorizedअंतर्राष्ट्रीयअपराधछत्तीसगढ़
Trending

साइबर जागृति अभियान के तहत जिले के स्कूलों में पहुंची बालोद पुलिस, 1,025 विद्यार्थियों और शिक्षकों को किया जागरूक

इंटरनेट, सोशल मीडिया और ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतने की दी समझाइश, साइबर ठगी होने पर 1930 पर तत्काल शिकायत की अपील

रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)

बालोद, 18 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत बालोद पुलिस द्वारा जिलेभर में लगातार साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 18 अगस्त को जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों के स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर कुल 1,025 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में आयोजित किए गए।

इन स्कूलों में पहुंची पुलिस टीम

साइबर जागृति अभियान के तहत साइबर सेल बालोद द्वारा स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय दुधली, थाना राजहरा क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद स्कूल, थाना गुण्डरदेही क्षेत्र के शहीद कौशल यादव विद्यालय, थाना अर्जुंदा क्षेत्र के प्रियदर्शनी विद्यालय, थाना देवरी क्षेत्र के जेवरतला हाई स्कूल तथा चौकी हल्दी क्षेत्र के हाई स्कूल भाटापारा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक एवं मैसेज, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी तथा अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।

पुलिस ने समझाइश दी कि OTP, PIN, CVV, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान ऐप डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी गई।

सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर जोर

विद्यार्थियों को सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा, व्यक्तिगत जानकारी को सार्वजनिक करने से बचने तथा इंटरनेट का उपयोग सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करने के लिए जागरूक किया गया। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को साइबर जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए भी प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने QR कोड स्कैन कर जागरूकता सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक रहने का संदेश दिया।

ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी या ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होता है तो बिना देरी राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और तत्काल संबंधित पुलिस थाने को भी सूचना दें।

पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा है और जिले में ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत ऐसे कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button