छत्तीसगढ़

भिलाई स्टील प्लांट में बोनस को लेकर विरोध:कर्मचारियों ने ​​​​​​​NJCS नेताओं को ऑनलाइन भेजा 1-1 रुपए, अब 50 पैसे भेजने की तैयारी

By Dinesh chourasiya

भिलाई इस्पात संयंत्र में बोनस को लेकर जारी विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब बोनस आने के बाद अनोखा विरोध जताते हुए कर्मचारियों ने नेशनल ज्वाइंट कमेटी फॉर स्टील (एनजेसीएस) नेताओं को अपने खाते से ऑनलाइन 1-1 रुपए भेजा है। जिसे सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है।

सेल प्रबंधन ने अपने कर्मचारियों को बोनस के रूप में 23 हजार रुपए दिए हैं। इसका सभी कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। यह देखकर दूसरी यूनिट में भी इसे लेकर चर्चा हो रही है। वहीं बड़े संगठन के नेता इस मामले में खामोश हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि जब उनके बीच बोनस को लेकर समझौता ही नहीं हुआ है, तब कैसे यह रकम भेजी जा रही है।

प्रबंधन और एनजेसीएस नेताओं में मिलीभगत का आरोप

बीएसपी कर्मियों का आरोप हैं कि एनजेसीएस नेताओं और बीएसपी प्रबंधन में मिलीभगत है। वे महज दिखावे के लिए विरोध कर रहे थे। नेताओं को पहले से जानकारी थी कि कर्मियों के खाते में बोनस की रकम कब और कितनी पहुंचने वाली है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट

बीएसपी कर्मियों ने एनजेसीएस नेताओं को त्योहार मनाने के लिए 1-1 रुपए ऑनलाइन रकम भेजी है। इतना ही नहीं उन्होंने अपने द्वारा भेजी रकम का स्क्रीनशॉट भी सोशल मीडिया पर शेयर करना शुरू कर दिया है। ये स्क्रीनशॉट कर्मियों के गुस्से को दर्शा रहा है।

एक रुपए के बाद 50 पैसा भेजने की तैयारी

कर्मचारियों ने एक-एक रुपए भेजने के बाद शीर्ष नेताओं के साथियों को भी 50-50 पैसे भेजने की तैयारी में हैं। वो उनके नंबर को खोज रहे हैं। यह पैसा वे दिवाली मनाने के नाम पर दे रहे हैं। कर्मियों की इस तरह की नाराजगी बड़े नेताओं का मजाक बना रही है।

सेल चेयरमैन चुपके से लौटे

इस बीच सेल चेयरमैन दल्ली माइंस आए और लौट भी गए। यह यात्रा बेहद गोपनीय रही। अन्य विषय पर सेफी के चेयरमैन कर्मियों को साथ लेकर चलते हैं। सेल चेयरमैन आए, तब वे उनसे मिलने अपनी टीम के साथ गए। यूनियन नेताओं को सेल चेयरमैन के आने की खबर नहीं थी या वे उनकी मुखालफत करने से बच रहे हैं। यह स्पष्ट नहीं हो रहा है। कर्मचारी इस वजह से भी नाराज हैं।

Related Articles

Back to top button