छत्तीसगढ़

भिलाई में शार्ट सर्किट से गरीब के घर में लगी आग:फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक घर का सारा सामान जलकर राख

By Dinesh chourasiya

आग से घर का सामान जला - Dainik Bhaskar

भिलाई के रामनगर में रविवार दोपहर अचानक एक घर में आग लग गई। जब तक दमकल की गाड़ी वहां पहुंचती आग से पूरा घर जलकर राख हो गया। मोहल्ले वालों की मदद से आग को आगे नहीं बढ़ने दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक रामनगर मुक्तिधाम के बगल से स्थित सरस्वती बाई के घर में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। जिस समय आग लगी घर के सभी लोग रोजी मजदूरी पर गए थे। घर में बच्चे थे, जो पढ़ाई कर रहे थे। आग देखकर बच्चों ने शोर मचाया। मोहल्ले के लोगों ने बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद आग बुझाने का प्रयास किया।

आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड

आग लगने के बाद लोगों ने पुलिस को फोन किया। इसके बाद जब तक दमकल की गाड़ी वहां पहुंचती आग से पूरा घर जलकर राख हो गया। घर में रखा पूरा सामान जल गया। लोगों ने आसपास के घरों से पानी डालना शुरू किया, इससे आग आगे दूसरे घरों तक नहीं पहुंच पाई। लगभग एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी वहां पहुंची और फिर आग पर काबू पाया गया।

शासन से मुआवजे की मांग

मोहल्ले के रहने वाले नागेश्वर ने कहा कि आग से काफी नुक्सान हुआ है। वो पास के घर में रहता है। जैसे ही उन्हें आग लगने की सूचना मिली तो मोहल्ले वालों को लेकर आग बुझाने लगे। आग से पूरा घर जल गया है। शासन प्रशासन को चाहिए कि गरीब को कुछ मुआवजा राशि दे, जिससे वो अपना घर फिर से बना सके।

घर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

पीड़िता और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

सरस्वती बाई और उसके बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि बच्चों की पूरी किताबें जल गई है। अब उनके सामने पढ़ाई का संकट खड़ा हो गया है। घर में रखा पूरा राशन, कपड़ा व अन्य समान जल गया है। हालत यह है कि उनके पास शाम के खाने के लिए पैसे तक नहीं है। सूचना मिलने पर वार्ड पार्षद रिकेश सेन वहां पहुंचे और उन्होंने पीड़ित पक्ष की तात्कालिक मदद की है।

Related Articles

Back to top button