
CG गैस एजेंसियों पर खाद्य विभाग की छापामार कार्य वाही :स्टॉक मिलान में बड़ी गड़बड़ी, निर्धारित दाम से अधिक राशि वसूल करने की मिली थी शिकायत
By Dinesh chourasiya

बलौदाबाजार खाद्य विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न गैस एजेंसियों पर छापा मार कार्रवाई करते हुए 61 लाख 56 हजार 639 रूपये के 2290 नग भरे एवं खाली गैस सिलेंडर जब्त किया है। एजेसिंयों में स्टॉक मिलान में भारी गड़बड़ी पायी गई। इसके साथ ही लगातार कुछ दिनों से तय रिफिलिंग दर से अधिक रिफिलिंग दर वसूलने की शिकायत मिल रही थी।
बता दें यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला कलेक्टर चंदन कुमार के निर्देश पर की गई। वहीं जांच टीम को इसके अतिरिक्त एजेंसी स्थलों में अग्निशमन किट भी उपलब्ध नहीं मिले तो कहीं एक्सपायर डेट के अग्निशमन किट मिले।







इन गैस एजेंसियों पर कार्रवाई
राजस्व व खाद्य विभाग ने जिले के विष्णु गैस एजेंसी पलारी, कमलेश रमेश एलपीजी कसडोल, मां महामाया एचपी गैस एजेंसी करमदा, राजलक्ष्मी एचपी गैस एजेंसी भाटापारा में छापा मार कार्रवाई की है। उक्त एजेंसियों से घरेलू गैस 14.2 कि.ग्राम के भरे हुए 1299 नग, खाली 432 नग, घरेलू गैस 5 किग्रा भरे हुए 40, खाली 95, कॉर्मिशियल गैस 19 किग्रा के 56 भरे हुए, खाली 183, कार्मिशियल गैस 5 किग्रा. के 119 नग भरे हुए एवं खाली 66 नग जब्त किया गया है।
एक्सपायर मिली अग्निशमन किट




कुछ एजेसिंयों में अग्निशमन किट पाया गया तो वह एक्सपायर मिली। साथ ही अनाधिकृत व्यक्तियों एवं स्थलों पर गैस सिलेंडर मिले जो कि लिक्वीफाइड पेट्रोलियम गैस (सप्लाई और डिस्ट्रीब्यूशन रेगुलेशन) आदेश 2000 के प्रावधान का खुला उल्लंघन है। इसके अलावा विस्फोटक परमिट के शर्तों का खुला उल्लंघन भी पाया गया। सभी गैस एजेसिंयों को चेतावनी देते हुए स्टॉक मेंटेनेंस को शत प्रतिशत पूर्ण करने व निर्धारित दर पर में ही रिफिलिंग करने के निर्देश दिए हैं।
उक्त कार्रवाई खाद्य अधिकारी विमल दुबे के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस विभाग के सहयोग से किया गया। कार्रवाई के दौरान बलौदाबाजार एसडीएम रोमा श्रीवास्तव, भाटापारा एसडीएम नरेन्द्र बंजारा, कसडोल एसडीएम भूपेन्द्र अग्रवाल, सहायक खाद्य अधिकारी सुशील टंडन, खाद्य निरीक्षक अमित शुक्ला, शीतलेश यादव, रामनारायण साहू, लक्ष्मण कश्यप सहित विभाग के अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहें।







