
मो. अकबर की रैली में मधुमक्खियों का हमला:कांग्रेस कार्यकर्ताओं में मची अफरातफरी, भागते हुए आए नजर
By Dinesh chourasiya
कबीरधाम जिले में सोमवार को मोहम्मद अकबर की रैली में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब मधुमक्खियों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों से बचने के लिए लोग इधर-उधर जान बचाकर भागते हुए नजर आए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता दौड़ते हुए नजर आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, कवर्धा से प्रत्याशी बनाये गए मोहम्मद अकबर अपने समर्थकों के साथ नामांकन रैली में निकले थे। इस दौरान जैसे ही कांग्रेस की रैली कवर्धा के दर्रीपारा पहुंची, डीजे की आवाज से मधुमक्खियां बिदक गईं। मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला कर दिया।







मधुमक्खियों से बचने के लिए कार्यकर्ता भागने लगे। हालांकि मधुमक्खियों के हमले में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। 2-3 लोगों को मधुमक्खियों ने काटा, लेकिन वे भी ठीक हैं।
मंत्री अकबर की रैली में उमड़ी भीड़
मंत्री मोहम्मद अकबर प्रत्याशी घोषित होने के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र कवर्धा पहुंचे। अकबर ने अपने क्षेत्र में एक बड़ी रैली निकाली। इस रैली में हजारों लोगों का हुजूम नजर आया। रैली और सभा में उमड़ी भीड़ सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।




सभा में मोहम्मद अकबर ने कहा कि यहां की जनता से मेरा परिवार की तरह नाता है। कांग्रेस ने इस क्षेत्र में विकास का काम लगातार किया। यह पूरा क्षेत्र कृषि प्रधान है। सिंचाई के विस्तार के लिए हर संभव कार्य कांग्रेस की सरकार ने किया है।
यहां जितने भी बांध बने हैं, सभी बांध को कांग्रेस सरकार ने बनवाया है। कांग्रेस की सरकार ने यहां के लिए मेडिकल कॉलेज, सकरी नदी पर पुल, जंगल सफारी, एथेनॉल प्लांट जैसी सौगात दी है।

मंगलवार को मोहम्मद अकबर ने भरा नामांकन
कवर्धा विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी मोहम्मद अकबर ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान वे काफी सादगी के साथ कबीरधाम कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। कबीरधाम की दोनों विधानसभा सीट से अकबर को छोड़कर अभी तक किसी भी पार्टी के प्रत्याशी ने नामांकन नहीं भरा है।
नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत में मोहम्मद अकबर ने कहा कि उन्होंने आज नामांकन जमा कर दिया है। 15 अक्टूबर को कांग्रेस ने अपने 30 उम्मीदवारों का नाम ऐलान किया है।








