
दुर्ग न्यूज । शौच के लिए गई महिला की मिली लाश:गला रेत कर उतार दिया मौत के घाट, एकतरफा प्रेम प्रसंग का मामला पुलिस ने एक आरोपी को लिया हिरासत में
By Dinesh chourasiya
उतई थाना प्रभारी कपिल देव पाण्डेय ने बताया कि उन्हें मंगलवार सुबह सूचना मिली कि रामजानकी राईस मिल के सामने मैदान आदर्श नगर करगाडीह भाठा के पास एक महिला का शव मिला है। सूचना मिलते ही उन्होंने एक टीम को मौके पर भेजा। वहां जाने पर पता चला कि किसी ने महिला की हत्या की है। उसके गले में धारदार हथियार से काटने के निशान हैं। मृतका की पहचान जमुना बाई गोस्वामी पति रुद्र गोस्वामी (32 वर्ष) आदर्श नगर उतई के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। फिलहाल आरोपी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि उससे पूछताछ की जा रही है, आरोप तय होने पर मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पीएम के लिए दुर्ग जिला अस्पताल की मरचुरी में भेज दिया है।
एकतरफा प्रेम संबंध का लग रहा मामला
पुलिस विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जमुना की शादी उड़ीसा में हुई थी। उसके तीन बच्चे भी हैं। पति से संबंध अच्छे नहीं होने से वो काफी समय से अलग-अलग हैं। जमुना उतई में अपनी बड़ी बहन की बेटी के साथ रहती थी। वहीं उसके तीनों बच्चे अपने पिता के साथ उड़ीसा में रहते हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि उतई में एक युवक उसे पसंद करता था। वो उसे प्रपोज भी कर चुका था, लेकिन जमुना को उस पर कोई दिलचस्पी नहीं थी। उसने उसे परेशान करने को लेकर डांटा और मना भी किया था। ऐसा कहा जा रहा है कि उसी युवक ने अपने एकतरफा प्रेम के चलते जमुना को मौत के घाट उतार दिया है।














