
भिलाई में एक घंटे की बारिश ने खोली निगम व्यवस्था की पोल खुर्सीपार श्रीराम चौक के पास नाली का पानी लोगों के घर में घुसा, सभापति के क्षेत्र का ही बुरा हाल
By Dinesh chourasiya
रविवार सुबह सुबह 10 से 11 बजे तक दुर्ग भिलाई में मूसलाधार बारिश हुई। महज एक से डेढ़ घंटे की बारिश ने ही पूरे शहर को जलमग्न कर दिया। नालियों की सफाई न होने से बारिश का सारा पानी सड़कों और लोगों के घरों में भर गया। सबसे बुरा हाल खुर्सीपार के वार्ड 50 में देखने को मिला। यहां सड़क और नालियों की जगह चारों तरफ सिर्फ पानी ही पानी दिखाई दिया।
रहवासियों का का कहना है कि पानी भरने की समस्या यहां कई सालों से है। यहां के पार्षद और महापौर तक से नाली बनाने की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं देता है। जब वोट लेना होता है तो सभी नेता घर-घर आ जाते हैं, लेकिन उसके बाद बुलाने पर भी लोगों की समस्या देखने नहीं आते हैं।








नाली और बीएसपी क्वार्टर का नहीं दे रहे ध्यान
वार्डवासी सरला पाल का कहना है कि यहां हमेशा बारिश में पानी भर जाता है। यहां सफाई कर्मी बहुत कम आते हैं। इससे नाली का पानी घर में घुस जा रहा है। इससे हमारे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। हर साल यहां रोड बनाई जाती है, लेकिन मकान और नाली पर ध्यान नहीं दिया जाता है। बीएसपी क्वार्टर की तरफ किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। वोट मांगने नेता आते हैं तो हर बार समस्या का निदान करने का दावा करते हैं, लेकिन उसके बाद कोई ध्यान नहीं देते हैं।

यहां के लोगों का कहना है कि श्रीराम चौक और वार्ड के बाहर की व्यवस्था को बेहतर कर दिया गया है। यहां सड़क को कई बार बना दिया गया, बस स्टैंड को दो बार बना दिया गया। चौक में सीसीटीवी कैमरा लगाया गया, लेकिन यदि वार्ड के अंदर की व्यवस्था देखी जाए तो वहां कोई ध्यान देने वाला है। यहां के लोग आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित नजर आ रहे हैं।











