देश-विदेश

गोहर में पहाड़ धंसा- एक ही परिवार के 7 सदस्य मलबे में दबे

शिमला : हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग की ओर से मंडी जिला में भारी बारिश को लेकर दी चेतावनी सही साबित हुई है। देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश जिले में कहर बरपा रही है। मंडी जिला के उपमंडल गोहर की पंचायत काशन के जडोंन गांव मे देर रात एक पहाड़ी धंसने से एक ही परिवार के 7 लोगों के दबने में दबने की खबर सामने आई है। काशन पंचायत के वर्तमान प्रधान खेम सिंह के पक्के मकान पर घर के पीछे से पहाड़ से मलबा आने से सभी लोग दब गए हैं।

जानकारी के अनुसार, खेम सिंह के दो मंजिला मकान में परिवार के सभी लोग सो रहे थे। इसी दौरान देर रात से लगातार हो रही भारी बारिश ने अपना रौद्र रूप धारण कर परिवार के 7 लोगों को घर सहित अपनी चपेट में ले लिया। इस कारण काशन क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई है। ग्रामीणों की ओर से खेम सिंह के परिवार को बचाने के लिए सभी तरह के प्रयास किए जा रहे हैं।

उपमंडल में दर्जनों जगह भारी लैंडस्लाइड होने से कई सड़कें बंद गई हैं। गोहर प्रशासन के अधिकारी भी सड़क मार्ग बाधित होने से लैंडस्लाइड में फंस गए हैं। उधर, लोक निर्माण विभाग की जेसीबी मशीन सड़कों को खोलने में लगी हुई है। एसडीएम गोहर रमन शर्मा ने बताया कि रेस्क्यू टीम को मौके पर पहुंचने में दिक्कतें आ रही हैं। टीम सुबह 4 बजे से ही घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है, लेकिन सड़क मार्ग बंद होने के कारण घटना स्थल पर अभी पहुंच पाना मुश्किल है। मलबे में दबे लोगों को बचाने का हर प्रयास किया जाएगा। फिलहाल भारी बारिश को देखते हुए मंडी जिले में शनिवार को छुट्टी का ऐलान किया गया है।

 

 

Related Articles

Back to top button