छत्तीसगढ़

भिलाई निगम मेयर नीरज  पाल की कार ने सहायक जेल अधीक्षक को मारी टक्कर:स्कूटी से दूर जा गिरीं मां-बेटी, दोनों को आई गंभीर चोटें, FIR दर्ज

By Dinesh chourasiya

भिलाई मेयर नीरज पाल की कार ने सेंट्रल जेल की सहायक अधीक्षक वर्षा संतोष कुंजाम की स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में वर्षा और पीछे बैठी उनकी बेटी कोया कुंजाम दूर जा गिरीं। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की है

सहायक जेल अधीक्षक वर्षा संतोष कुंजाम (41 वर्ष) ने पद्मनाभपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर की शाम को बेटी के साथ वह अपनी स्कूटी क्रमांक CG 08 AX 0161 से मार्केट आई थीं। इसके बाद वे बचत बाजार दुकान होते हुए स्टेशन रोड दुर्ग से खरीदी कर घर लौट रही थीं।

महापौर की कार ने स्कूटी को मारी टक्कर

शाम करीब 5.45 बजे उनकी स्कूटी राजेन्द्र पार्क चौक पर रेड सिग्नल होने पर खड़ी थी। ग्रीन सिग्नल होते ही गाड़ी चालू कर सड़क पार कर रही थी, तभी भिलाई से दुर्ग की तरफ आ रही तेज रफ्तार कार CG 07 BW 5554 ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वर्षा कुंजाम और उनकी बेटी कोया एक्टिवा सहित दूर जा गिरे।

महापौर पर ड्राइवर को भगाने का आरोप

सहायक जेल अधीक्षक में आरोप लगाया है कि जिस गाड़ी से उनका एक्सीडेंट हुआ वो भिलाई महापौर की है। कार की पिछली सीट पर महापौर नीरज पाल बैठे थे। एक्सीडेंट होने के बाद मेयर ने अपने वाहन चालक को घटना स्थल से भगा दिया।

सहायक जेल अधीक्षक और उनकी बेटी को आई गंभीर चोटें

हादसे के चलते उनकी स्कूटी बुरी तरह डैमेज हो गई। वर्षा कुंजाम के सिर, जबड़े, दोनों हाथ और शरीर में गहरी चोटें आई हैं। उनकी बेटी कोया के सिर, पीठ और हाथ में चोटें आई हैं। घटना स्थल पर मौजूद प्रभा देवांगन और उनके पति ओमप्रकाश देवांगन समेत अन्य लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया।

सहायक जेल अधीक्षक की गलती- महापौर

महापौर नीरज पाल का कहना है कि हादसा राजेंद्र प्रसाद चौक के पास हुई है। वहां डिवाइडर के चलते दिखाई नहीं देता है। इस दुर्घटना में पूरी गलती सहायक जेल अधीक्षक वर्षा कुंजाम की है। वो बिना हेलमेट गाड़ी चला रहीं थी। पीछे एक बच्ची को बैठाया हुआ था। स्कूटी के सामने एक बोरी रखे हुई थीं।

इससे उनकी गाड़ी अनबैलेंस हो गई और स्कूटी से टकरा गई। महापौर ने कहा कि उनके पास पद्मनाभपुर थाने से फोन भी आया था। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि वो उसी प्रकार कार्रवाई करें, जैसा की आम लोगों के साथ करते हैं। इसलिए पुलिस ने मामला भी दर्ज किया।

सीएम का कार्यक्रम छोड़ पहुंचाया अस्पताल

महापौर ने बताया कि वो भिलाई से दुर्ग मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जा रहे थे। हादसे के समय गाड़ी में कांग्रेस जिलाध्यक्ष, एमआईसी सदस्य संदीप निरंकारी सहित अन्य लोग बैठे थे। सभी ने मुख्यमंत्री का कार्यक्रम छोड़कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहां परिचित डॉक्टरों को बेहतर तरीके से इलाज करने के लिए कहा गया।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button