
नोटिस में आरोप स्पष्ट नहीं, Bhilai भाजपा के 9 पार्षदों ने जवाब देने मांगा वक्त
भिलाई: नगर पालिक निगम, भिलाई के जिन 9 भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों को नोटिस थमाई गई है। वे जवाब देने दोपहर में संभागायुक्त के दुर्ग में मौजूद दफ्तर पहुंचे। यहां पार्षदों ने सवाल खड़ा किया कि नोटिस में स्पष्ट नहीं किया है कि उनका अपराध क्या है। जिसके आधार पर कार्रवाई करने की बात कही जा रही है। भाजपा के पार्षदों ने संभागायुक्त से सीडी की मांग की है और पूछा है कि आखिर उस सीडी में ऐसा क्या नजर आ रहा है, जिससे साफ हो रहा है कि उन्होंने सदन में अमर्यादित व्यवहार किया है।
जवाब देने मांगा समय
भाजपा के पार्षदों ने जवाब देने के लिए वक्त मांगा है। इसके पहले उन्होंने सीडी और कुछ दस्तावेज की मांग अधिवक्ता के माध्यम से की है। अब अगली पेशी में वे क्या जवाब देते हैं, इसका इंतजार करना होगा। इसी माह अगली पेशी है।







यह लगा है आरोप
नोटिस में संभागायुक्त ने नगर पालिक निगम, अधिनियम 1956 की धारा-19 के अंतर्गत बर्खास्तगी की कार्रवाई के लिए प्रकरण पेश किए जाने की बात कही है। आरोप है कि सदन में पार्षदों ने अमर्यादित व्यवहार करते हुए सदन की कार्रवाई को बाधित करने का प्रयास किया है, जो संसदीय आचरण के विपरीत है। उक्त आधार पर आयुक्त दुर्ग संभाग के न्यायालय में प्रकरण दर्ज किया गया है। इसकी सुनवाई हिन्दी भवन, दुर्ग में नियत की गई थी।







