छत्तीसगढ़

बिरनपुर के पीड़ितों से छत्तीसगढ़ मुस्लिम समाज के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात : किया आर्थिक सहयोग

By Dinesh chourasiya

बेमेतरा जिले के गांव बिरनपुर में बच्चों के बीच हुए विवाद के दौरान एक युवक की हत्या हो गई थी। इसके बाद उपजे तनाव के दौरान ही अज्ञात लोगों द्वारा रहीम और उसके पुत्र ईद उल मोहम्मद की हत्या कर दी गई थी। वहीं समुदाय के 7 लोगों के दुकान और मकान जला दिए गए और कुछ घरों में तोड़फोड़ भी की गई है। इसी के सन्दर्भ में छत्तीसगढ़ मुस्लिम समाज का एक प्रतिनिधिमंडल रायपुर से बिरनपुर पहुंचा। यहां सभी पीड़ितों और मुस्लिम समुदाय के वरिष्ठ लोगों से मुलाकात कर हालात की जानकारी ली गई और उन्हें ढाढस बंधाया गया।

छत्तीसगढ़ मुस्लिम समाज ने इस मौके पर पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहयोग भी दिया। इनमें मृतक रहीम की पत्नी अलहम बी और ईद उल मोहम्मद की पत्नी शकीला बी को एक-एक लाख रूपये की सहायता राशि दी गई। रहीम की बेटी खातून बी को 10 हजार रूपये दिए गए। इसी तरह जिनके दुकान जले उनमें से मोहम्मद इस्माइल को 15 हजार रूपये, सरदार खान और शमशुल को भी 10 हजार रूपये दिए गए।

छत्तीसगढ़ मुस्लिम समाज के प्रतिनिधिमंडल ने इसके बाद कलेक्टर और एसपी से भी मुलाकात की। कलेक्टर ने जानकारी दी कि प्रभावित परिवारों के मुआवजे के लिए प्रकरण तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। इस मुलाकात के बाद शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें DIG पारुल माथुर, कलेक्टर पीएस एल्मा और SP आई के एलेसेला भी शामिल हुए। बैठक के दौरान समुदायों के बीच आपसी भाईचारे का सन्देश दिया गया और लोगों से शांति की अपील की गई।

इस प्रतिनिधि मंडल में रिटायर्ड एडिशनल एसपी शाहिद अली, साजिद खान एडवोकेट सुप्रीम कोर्ट, समाजसेवी मोहम्मद ताहिर, नोमान अकरम हमीद, सैलानी भाई, जावेद नाना, अनवर रजा और हाजी जमील शामिल थे।

Related Articles

Back to top button