
इंदौर। मप्र के इंदौर जिले में दाल मिल व्यापारी के घर हुई लाखों की चोरी (Theft) का खुलासा किया है। पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ के ड्राइवर और उसकी प्रेमिका चोरी के मास्टरमाइंड निकले। चौकीदार को बंधक बनाकर 30 लाख की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने 70 कैमरे चेक कर चोरी का खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार (Arrest) किया है।
दरअसल, 20 मार्च 2023 को तुकोगंज थाना क्षेत्र में दाल मिल व्यापारी के घर लाखों रुपये की चोरी की घटना हुई थी। फरियादी प्रेम प्रकाश जाजू की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज किया था। मौके पर चौकीदार ने पुलिस को बताया कि रात को कुछ लोग पहुंचे और उसे रस्सी से बांधकर घर में रखा सोना चांदी नगदी लेकर फरार हो गए थे, पुलिस ने क्षेत्र में लगे 70 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।








पूरा चोरी का प्लान नौकरानी की भतीजी ज्योति ने बनाया था और ज्योति नें प्रेमी अरविंद शर्मा को पूरा प्लान बताया और बोला कि घर के लोग बाहर जा रहे हैं इसके बाद अरविंद ने पूरी जानकारी नवीन को दी नवीन ने सभी साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। जिसमें पुलिस ने ज्योति, अरविंद शर्मा, नवीन, राम, विजय और गोलू उर्फ़ राजेश शर्मा को गिरफ्तार किया है, इसमें चार आरोपी फिलहाल पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने बंगाली कारीगर को भी गिरफ्तार किया है, जिनके पास आरोपियों ने चोरी का सोना बेचने के लिए दिया था।
बंगाली कारीगरों ने चोरी के सोने को गला दिया था। इसके अलावा घर से गया 3 लाख कैश आरोपियों ने आपस में बांट लिया था और एक आरोपी जुए में 40 हज़ार भी हार गया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों से चोरी का माल बरामद किया है, चोरी में उपयोग की गई दोनों कार भी जब्त कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।











