
बालोद-दुर्ग मार्ग पर यातायात पुलिस की सराहनीय पहल, वाहन चालकों को नियमों का पढ़ाया पाठ
बालोद से विजय कुमार की रिपोर्ट
बालोद से विजय कुमार की रिपोर्ट
बालोद (छत्तीसगढ़), 5 सितंबर। सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों के प्रति वाहन चालकों को जागरूक करने के उद्देश्य से बालोद यातायात पुलिस ने बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग पर लीमोरा और ईरागुड़ा के बीच विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
चेकिंग के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट की जांच की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए हेलमेट का नियमित उपयोग करने की समझाइश दी गई।
यातायात पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों को भी समझाइश दी, जिनके पास वाहन चलाते समय आवश्यक ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध नहीं था। पुलिस ने चालकों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी।
अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों को भी रोककर सड़क पर सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने तथा नशे की स्थिति में वाहन न चलाने के लिए समझाइश दी गई।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने सड़क सुरक्षा को लेकर बालोद यातायात पुलिस की इस पहल को सराहनीय बताया। इस तरह के जागरूकता और चेकिंग अभियान न केवल यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देते हैं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बालोद यातायात पुलिस की यह पहल संदेश देती है कि सड़क पर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक वाहन चालक की सामूहिक जिम्मेदारी है।






