Aradhna news BalodBalodCRIMEUncategorizedछत्तीसगढ़
Trending

दल्ली राजहरा में बैंक ऑफ बड़ौदा की 62वीं शाखा का उद्घाटन, वित्तीय सेवाओं तक पहुंच होगी आसान

 

योगेश्वर जी की रिपोर्ट 

बालोद (छत्तीसगढ़), 9 सितंबर 2026। ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार के तहत बैंक ऑफ बड़ौदा ने दल्ली राजहरा में अपनी 62वीं शाखा का शुभारंभ किया। नई शाखा के माध्यम से दल्ली राजहरा और आसपास के गांवों के नागरिकों, व्यापारियों तथा ग्रामीणों को आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध होंगी।

शाखा का उद्घाटन बालोद पुलिस अधीक्षक किरण जी. चव्हाण (आईपीएस) ने किया। इस अवसर पर रायपुर अंचल के अंचल प्रमुख दिवाकर पी. सिंह, धमतरी क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक बानाम्बर बेहेरा, उप-क्षेत्रीय प्रबंधक अमित सिंह पटेल सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय व्यवसायी, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक बानाम्बर बेहेरा ने बैंक की सेवाओं और दूरदराज के क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता की जानकारी दी। अंचल प्रमुख दिवाकर पी. सिंह ने कहा कि नई शाखा से नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं और ऋण सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी। उन्होंने बैंक के विभिन्न सैलरी पैकेज और अन्य बैंकिंग उत्पादों की जानकारी भी दी।

पुलिस अधीक्षक किरण जी. चौहान ने लोगों से परिवार के सभी सदस्यों के बैंक खाते खुलवाने की अपील की। उन्होंने साइबर और वित्तीय धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह देते हुए किसी भी तरह की ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने कहा।

कार्यक्रम के अंत में उप-क्षेत्रीय प्रबंधक अमित सिंह पटेल ने अतिथियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। बैंक अधिकारियों ने कहा कि नई शाखा के माध्यम से क्षेत्र में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और वित्तीय समावेशन को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button