
पूरी पारदर्शिता के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाएं: आर.एस. विश्वकर्मा
विजय कुमार की रिपोर्ट
बालोद (छत्तीसगढ़), 9 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष आर.एस. विश्वकर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को बालोद जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न शासकीय कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) सहित सभी पात्र वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचने की स्थिति की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने विभागवार योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), महतारी वंदन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, नोनी सुरक्षा योजना, सक्षम योजना और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के साथ विद्यार्थियों को निःशुल्क गणवेश, पाठ्यपुस्तक और छात्रवृत्ति वितरण की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने इन सामग्रियों और छात्रवृत्ति का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किए जाने की जानकारी दी।
आयोग अध्यक्ष आर.एस. विश्वकर्मा ने निर्माणाधीन और प्रगतिरत कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाना है। पात्र हितग्राहियों के चयन के लिए समिति गठित कर उनका चिन्हांकन करने तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने देने के निर्देश दिए। उन्होंने ओबीसी सहित सभी पात्र वर्गों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय, नियमित समीक्षा और मैदानी स्तर पर योजनाओं की स्थिति की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर आयोग के सदस्य यशवंत सिंह वर्मा, नीलाम्बर, बलदाऊ राम साहू, आयोग के सचिव अमित कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।







