
डौंडी पुलिस की कार्रवाई, 30 पौवा देशी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
अविनाश साहू संवादाता पत्रकार
अविनाश साहू संवादाता पत्रकार
बालोद (छत्तीसगढ़), 4 सितंबर: थाना डौंडी पुलिस ने चिखली गांव में अवैध रूप से शराब रखने और बिक्री करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर को देहात पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि चिखली के बाजार चौक निवासी एक व्यक्ति अपने घर के आंगन में बिक्री के लिए अधिक मात्रा में शराब रखे हुए है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की। प्रत्येक पौवा में 180 मिलीलीटर शराब होने के अनुसार कुल 5.4 लीटर शराब, जिसकी कीमत लगभग 2,400 रुपये बताई गई है, जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी की पहचान पुनीतराम नेताम (45), निवासी बाजारपारा चिखली, थाना डौंडी, जिला बालोद के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब रखने और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
मामले में थाना डौंडी में अपराध क्रमांक 121/2026 के तहत धारा 34(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेएमएफसी न्यायालय दल्लीराजहरा में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना तथा नगर पुलिस अधीक्षक राजेश बागड़े के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में सउनि गोपाल रजक, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक संजय सिंह सहित थाना डौंडी पुलिस टीम की भूमिका रही।








