CG में उप मुख्यमंत्री अरुण साव बोले-त्योहारों के नाम पर कांग्रेस ने जनता को लूटा:डहरिया ने कहा- अरुण जब पैदा नहीं हुए थे, तब से मन रहा हरेली-तिहार
By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ में हरेली त्योहार से पहले सियासी बयानबाजी तेज़ हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रायपुर स्थित निवास में हरेली पर्व का आयोजन किया जाएगा। जिस पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि, संस्कृति और परंपरा के नाम पर कांग्रेस ने जनता को लूटने का काम किया है।
वहीं, डिप्टी सीएम के इस बयान पर पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने पलटवार करते हुए कहा कि, हमारी सरकार ने छत्तीसगढ़ की परंपरा और हर तीज-त्योहार को बढ़ावा दिया। जब अरुण साव पैदा भी नहीं हुए थे। तब से हरेली त्योहार मनाया जा रहा है। गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश के सभी जिलों और ब्लॉक में हरेली त्योहार मानाएगी।






कांग्रेस ने जनता को त्योहारों के नाम पर ठगा
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि, कांग्रेस पार्टी किस संस्कृति और परंपरा को मानती है। उनके नेता किस विचारधारा के है। ये भी उन्हें जाहिर करना चाहिए। वास्तविकता ये है कि, छत्तीसगढ़ का सम्मान बढ़ाने का काम भाजपा ने किया है। छत्तीसगढ़ी को राजभाषा का दर्जा देने का निर्णय भी भाजपा सरकार ने लिया था।
आज प्रदेश तेज गति से आगे बढ़ा है और छत्तीसगढ़वासियों के जीवन में परिवर्तन आया है। कांग्रेस ने 5 साल की सरकार में तीज-त्योहार के नाम पर जनता को सिर्फ ठगा है। प्रदेश की जनता जानती है कि ये दिखावे और नौटंकी से कुछ काम नहीं होना है। हरेली का त्योहार हम सभी अपने गांव में मनाते हैं।




अरुण साव का जन्म भी नहीं हुआ था, तब से मन रहा है हरेली- डहरिया
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने डिप्टी सीएम के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, बीजेपी जानबूझकर इस तरह के बयान देती है। हमारी पार्टी ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा को तीज-त्योहारों को बढ़ाने का काम किया और हरेली छत्तीसगढ़ का पहला त्योहार है।
जब अरुण साव पैदा नहीं हुए थे, उसके पहले से हरेली का त्योहार मनाया जा रहा है। यह हमारी पुरानी परंपरा है। उन परंपराओं को हम और मजबूत बनाना चाहते हैं और हमारी सरकार में मनाया जाता था।
उन्होंने आगे कहा कि, हमारी सरकार ने हर तीज-त्योहार को बढ़ावा दिया। कांग्रेस पार्टी छत्तीसगढ़ की परंपरा, संस्कृति और किसान संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम करती रही है। हरेली पूरे प्रदेश का त्योहार है और कांग्रेस पार्टी इसे हर ज़िले और ब्लॉक स्तर पर मना रही है। कल भूपेश बघेल के घर में भी हरेली त्योहार का आयोजन रखा गया है।
भूपेश बघेल के निवास पर हरेली पर्व का आयोजन
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रायपुर स्थित सरकारी आवास पर इस साल भी हरेली पर्व पारंपरिक अंदाज़ में मनाया जा रहा है। आयोजन में गाय, बैल, कृषि औजारों की पूजा, हल चलाना, छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत और पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या मे कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।




