
भिलाई से दुर्ग शहर को जोड़ने वाली सड़क पर लगेंगी आकर्षक लाइट, सड़क किनारे होगा भव्य सौंदर्यीकरण, निगमायुक्त रोहित व्यास ने अधिकारियों के साथ स्पॉट पर देखा काम, आवश्यक संसाधनों को बढ़ाकर शीघ्र कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश, कार्य की लेटलतीफी पर हुए सख्त







भिलाई नगर/ भिलाई से दुर्ग जाने वाली सड़क पर आकर्षक लाइटे लगाई जाएंगी, नेहरू नगर चौक के समीप यातायात कार्यालय के पास से दुर्ग जाने वाली सड़क पर अंधेरा दूर करने के लिए प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था के साथ ही रोप लाइट लगाए जाएंगे। इस पर शीघ्रता से कार्य होगा। निगमायुक्त रोहित व्यास ने आज दुर्ग से भिलाई जाने वाली सड़क के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य को देखा। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से इसकी विस्तार से जानकारी ली तथा कार्य के लेटलतीफी पर नाराजगी जाहिर की।




आयुक्त ने कार्यों में तेजी लाते हुए सभी कार्य समानांतर करने के निर्देश दिए तथा उन्होंने कहा कि गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की डेडलाइन तय कर कार्य पूर्ण करने के निर्देश मौके पर दिए। आयुक्त ने वेंडिंग जोन को लेकर निगम के अधिकारियों से चर्चा की और प्लान तैयार कर शीघ्र क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि भिलाई से दुर्ग शहर के बीच से गुजरने वालों को अब एक अलग ही नजारा देखने को मिलेगा। सड़कों के किनारे आकर्षक पौधो के साथ सौंदर्यीकरण का काम किया जाएगा और भी विभिन्न तरह के विकास कार्य किए जाएंगे।
पीडब्ल्यूडी विभाग के द्वारा नेहरू नगर चौक यातायात कार्यालय के समीप से मिनीमाता चौक तक सौंदर्यीकरण एवं विकास का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य में सड़कों का डामरीकरण भी शामिल है तथा रिक्त स्थानों में सौंदर्यीकरण कार्य किया जाएगा। दीवारों में आकर्षक म्यूरल पेंटिंग भी उकेरी जाएगी, इसकी अलग छटा राहगीरों को देखने मिलेगी। सड़कों में प्रकाश के लिए स्ट्रीट लाइट भी लगाए जाएंगे साथ ही रोप लाइट की दूधिया रोशनी सड़कों से गुजरने वाले लोगों को लुभायेगी। धूल मुक्त सड़क बनाने के लिए ड्रेन और सड़क के बीच इंटरलॉकिंग टाइल्स भी लगाया जाएगा। डिवाइडर में ग्रिल लगाकर पेंटिंग की जाएगी।
डिवाइडर में पौधे रोपित करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। आयुक्त रोहित व्यास ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों में अनावश्यक विलंब न करें, कार्यों की रफ्तार बढ़ाएं तथा आवश्यक संसाधनों में भी इजाफा कर कार्य पूर्ण कराएं, ताकि शीघ्र ही लोगों को इसका लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, अधीक्षण अभियंता दीपक जोशी, जोन आयुक्त राजेंद्र नायक, कार्यपालन अभियंता संजय शर्मा, सहायक अभियंता आलोक पसीने एवं विनीता वर्मा, पीडब्ल्यूडी के उप अभियंता गगन जैन एवं निगम के उप अभियंता अर्पित बंजारे आदि मौके पर मौजूद रहे।







