
भिलाई निगम की सामान्य सभा : डायरिया पर शुरू हुआ हंगामा तो महापौर ने कहा अंत में करेंगे चर्चा, दोपहर तक 10 प्रस्ताव पास
भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई में शुक्रवार को सामान्य सभा की बैठक हुई। आज सुबह बैठक शुरू होते ही विपक्षी पार्षदों ने डायरिया पर हंगामा मचाना शुरू कर दिया। भाजपा पार्षद दया सिंह, रिकेश सेन, पियुष मिश्रा, पी श्याम सुंदर राव आदि ने डायरिया पर महापौर को जवाब देने की मांग की। महापौर नीरज पाल ने इस दौरान सामान्य सभा के मुद्दों पर चर्चा करने की बात कहते हुए डायरिया पर अंत में चर्चा करने की बात कही। इसके बाद प्रस्तावों पर चर्चा शुरू हुई। दोपहर एक बजे तक 10 प्रस्ताव पारित कर दिए गए।







नगर निगम भिलाई में शुक्रवार को सामान्य सभा शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया। महापौर नीरज पाल ने एक एक कर सामान्य सभा में रखे जाने वाले प्रस्ताव पढ़े। इस दौरान विपक्षी पार्षद हंगामा करते रहे। इस दौरान पावर हाउस मछली मार्केट का नामकरण गफ्फार खान मछली मार्केट रखे जाने के प्रस्ताव पर भाजपा पार्षदों ने आपत्ति जताई। भाजपा पार्षद भोजराज सिन्हा ने गफ्फार खान के नाम पर आपत्ति जताते हुए मार्केट का नाम शहीद विश्राम मांझी के नाम पर रखने की मांग की। इस दौरान काफी हंगामा भी हुआ। अंत में महापौर नीरज पाल ने बहुमत के आधार पर इस प्रस्ताव को पारित कर दिया। पावर हाउस मछली मार्केट का नाम अब गफ्फार खान मछली मार्केट होगा।
रामनगर मुक्तिधाम की सड़क भी संवरेगी
सामान्य सभा में रामनगर मुक्तिधाम वार्ड में गौरव पथ से आजाद चौक तक सीमेंटीकृत सड़क बनाने पर स्वीकृति मिली है। यह सड़क बरसों से उपेक्षित थी अब इसके संवरने का समय आ गया है। सामान्य सभा के सीमेंटीकृत सड़क के साथ नाली निर्माण व ट्यूबलर पोल लगाने पर भी सहमति बनी है। इसके अलावा सेक्टर 1 में बने पार्क के एक भाग का नाम मिनी माता उद्यान व दूसरे भाग का नाम शहीद अमित नायक के नाम पर रखने पर भी सहमति बनी है।











