
विधायक ने सपरिवार आयुष्मान कार्ड बनवाया,महाअभियान अंतर्गत शहर में 1349 से अधिक लोगों का बनाया गया आयुष्मान कार्ड
दुर्ग/आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना एवं डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए सभी 60 वार्डो में महाअभियान चलाया गया।छूटे हुए लोगो का डोर टू डोर पहुँचकर नगर निगम द्वारा वार्ड वार स्वास्थ्य सुविधा के इस महाअभियान के तहत निगम उपायुक्त मोहेंद्र साहू के नेतृत्व में अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा मोबाइल के जरिये आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य वृहद स्तर पर किया गया।महाअभियान अंतर्गत शहर में 1349 से अधिक लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया।
वार्डो में आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए उत्साह का माहौल रहा।इस दौरान विधायक अरुण वोरा ने कहा कि दुर्ग-भिलाई के प्रमुख चिकित्सालयों में आयुष्मान कार्ड से एपीएल कार्ड धारियों को 50 हज़ार तथा बीपीएल कार्ड धारियों को 5 लाख तक का ईलाज हो सकेगा।कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर द्वारा स्वयं वार्डो में पहुँचकर लोगो से रूबरू होते हुए कार्ड बनवाने के लिए लोगो से अपील की। जनसामान्य को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से महा अभियान आयुष्मान कार्ड घर घर जा कर बनाया जा रहा है। शहर में आज एक दिवसीय महाअभियान के तहत शत प्रतिशत लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए व्यापक पैमाने पर महाअभियान आयोजित किया गया।







युद्ध स्तर पर इस महाअभियान अंतर्गत जनसामान्य का आयुष्मान कार्ड बनाया गया।महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए यह जरूरी है कि सभी नागरिक प्राथमिकता से अपना आयुष्मान कार्ड बनवाएं। उनके मार्गदर्शन में अधिकारियों द्वारा सक्रियतापूर्वक आयुष्मान कार्ड बनाने की दिशा में कार्य किया गया। सभी राशन कार्डधारियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने कहा घर-घर पहुँचकर आयुष्मान कार्ड बनाने के साथ ही ई-केवाईसी का भी कार्य किया जा रहा है। जिससे आयुष्मान कार्ड बनाने में आसानी हो सके। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड से 50 हजार रूपए तक प्रति व्यक्ति नि:शुल्क ईलाज करा सकते हैं। जिससे लोगो को आर्थिक रूप से मदद मिल रही है।उल्लेखनीय है कि परिवार के सभी सदस्यों का अलग-अलग आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा।
आयुष्मान जन आरोग्य योजना अंतर्गत पात्र बीपीएल परिवारों को 5 लाख रूपए एवं शेष परिवार अर्थात एपीएल परिवारों को डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत 50 हजार रूपए तक का लाभ योजना के दिशा-निर्देशानुसार योजनांतर्गत पंजीकृत किसी भी शासकीय एवं निजी चिकित्सालय में आयुष्मान कार्ड द्वारा नि:शुल्क ईलाज का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत अन्य अतिरिक्त गंभीर बीमारी हेतु मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता अंतर्गत 20 लाख रूपए तक स्वास्थ्य सहायता प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत लाभ प्राप्त करने हेतु आयुष्मान कार्ड अनिवार्य है।







