
शराबी पति ने कुल्हाड़ी से काट दी गर्दन, इधर सड़क हादसे में एक युवक की मौत, 3 घायल
बालाघाट/ बालाघाट के चांगोटोला थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने रंगपंचमी के दिन अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।
घटना जिले के पाटादेही गांव की है। जानकारी के अनुसार, आरोपी राजकुमार वरकड़े शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और पत्नी के साथ विवाद करने लगा। इस दौरान कुल्हाड़ी से पत्नि अनिता वरकड़े की गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया। घटना की जानकारी बेटे अंकुश वरकड़े ने पड़ोसियों को दी, इसके बाद आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक अनिता वरकड़े की मौत हो चुकी थी। खून से लथपथ शव पड़ा था। लोगों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई की और शव को बरामद कर पीएम कराया। पुलिस ने बताया कि आरोपी अभी फरार है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।







इधर, नर्मदापुरम जिले में दो बाइकों की आपस में भिड़ंत हो गई, इस घटना में एक युवक की मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा पिपरिया-पचमढ़ी मार्ग पर महुआखेड़ा गांव के पास हुआ है। स्टेशन रोड पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना की जांच में जुटी हुई है।






