
युवक की नाक से निकला जिंदा जोंक, 19 दिन तक चूसता रहा खून, झरने में नहाते समय घुसा था नाक में
By Dinesh chourasiya
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक युवक की नाक से जिंदा जोंक निकला, जो 19 दिन से उसका खून चूस रहा था।
उत्तराखंड के झरने में नहाने गया था सेसिल
प्रयागराज के डॉ. काटजू रोड का निवासी सेसिल एंड्रू गोम्स एक टेलीकॉम कंपनी में काम करता है। 4 जून को वह उत्तराखंड घूमने गया था। यहां भालूगाड़ झरने में उसने दोस्तों के साथ जमकर मस्ती की और नहाया भी। वापस घर लौटने के बाद 8 जून काे उसके नाक से हल्की ब्लीडिंग हुई। फिर सेसिल को छींके आने लगी और सिर में दर्द भी होने लगा। शुरूआत में उसने किसी डॉक्टर को दिखाकर कुछ दवाइयां ले ली, लेकिन उससे कोई आराम नहीं हुआ।
सेसिल ने शहर के नाजरेथ हॉस्पिटल में ENT (नाक, कान-गला) सर्जन डॉ. सुभाष चंद्र वर्मा को दिखाया और पूरी बात बताई। डॉक्टर ने नाक में डालने के लिए कुछ ड्रॉप्स दिए। सेसिल ने जब घर आकर ड्रॉप्स नाक में डाली तो अंदर खुजली बढ़ गई। शीशे में देखा तो नाक के अंदर से कुछ कीड़े की तरह दिखा। उसने इसका वीडियो भी बना लिया।














