भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों ने सेल से अपनी मांगों को लेकर सीटू के बैनर तले मंगलवार सुबह बोरिया गेट पर जमकर प्रदर्शन किया
By Dinesh chourasiya

भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों ने सेल से अपनी मांगों को लेकर सीटू के बैनर तले मंगलवार सुबह बोरिया गेट पर जमकर प्रदर्शन किया। जब बीएसपी प्रबंधन ने प्रदर्शन की फोटोग्राफी कराई, तो प्रदर्शनकारी भड़क गए। मामला बढ़ा तो बीएसपी प्रबंधन ने फोटोग्राफरों को वापस बुला लिया।
सीटू के बीएसपी यूनियन के सचिव बीवीएस रेड्डी ने बताया कि, कर्मचारियों के लंबित वेतन समझौते, बायो मैट्रिक अटेंडेंस और 39 माह के बकाया एरियस सहित कई मांगे हैं। हिंदुस्तान स्टील इम्प्लॉइज यूनियन (सीटू) के आह्वान पर आज स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सभी प्लांट पर यह प्रदर्शन किया जा रहा है।








दरअसल, सीटू के सदस्यों ने बोरिया गेट पर मंगलवार सुबह करीब 1 घंटे तक प्रदर्शन किया। उन्होंने बीएसपी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इधर, प्रदर्शन के बीच बीएसपी के आईआर डिपार्टमेंट की ओर से फोटोग्राफी कराई गई, तो फोटो खींच रहे कर्मियों और सीटू के लोगों के बीच झूमाझटकी की स्थिति बन गई।
यूनियन के लोगों का आरोप है कि प्रबंधन उनके प्रदर्शन को दबाना चाहता है। उन्हें प्रताड़ित करना चाहता है, इसलिए इसलिए वह फोटोग्राफी करवा रहा है, जिससे वीडियोग्राफी करवा उन्हें टारगेट कर उनकी आवाज को दबाया जा सके।
ये है इनकी प्रमुख मांगें




- समस्या का समाधान निकालने के लिए मैराथन बैठक बुलाई जाए। 2021 में 22-27 जून तक 6 दिन की मैराथन बैठक हुई थी उसमें कुछ नतीजे भी निकले थे। अधिकारी क्या करते हैं कि बैठक बुलाते हैं और दो तीन घंटे में उसे खत्म करते हैं। इससे समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
- एकत्रित इंक्रीमेंट और बाकी के अलाउंस का समाधान निकाला जाए।
- आरआईएनएल में सेल के समझौते को आज तक लागू नहीं किया गया उसे लागू किया जाए।
- रात्रि कालीन भत्ता को बायोमैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम से ना जोड़ा जाए।
- बायो मैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम और आरएफ आईडी को तभी लागू किया जाए, जब सभी यूनियन के साथ बैठकर सर्व सम्मति के साथ एक हल निकले।







