रायपुर में दहेज-प्रताड़ना से परेशान महिला ने की आत्महत्या:दहेज में मिली थी कार,10 लाख और कर रहे थे डिमांड, पति सहित सास ससुर को पुलिस ने लिया हिरासत में
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के रायपुर में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने आत्महत्या कर ली है। शादी के दहेज में कार और घर के सामान मिले थे। लेकिन पति 10 लाख रुपए की और डिमांड कर रहा था। पत्नी को मानसिक रूप से टार्चर किया जा रहा था।
जिससे परेशान होकर पत्नी ने फांसी लगा लगी। अब मायके वालों की शिकायत पर पुलिस ने महिला के पति और सास-ससुर को गिरफ्तार किया है। मामला तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र का है।








क्या है पूरा मामला ?
तिल्दा थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने बताया कि, उषा कहरा की शादी 2 साल पहले सामाजिक रीति रिवाज से जांजगीर के प्रमोद कुमार कमलेश के साथ हुई थी। प्रमोद एक निजी फैक्ट्री में सब इंजीनियर के पद पर है।
शादी में उषा के मायके वालों ने एक कार और बाकी सामान दहेज में दिया था। शुरुआत में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन बाद में नवविवाहिता के पति और सास-ससुर ने दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया।




कर्ज चुकाने के लिए मांग रहे थे पैसे
पुलिस ने बताया कि, आरोपी परिवार अपना कर्ज चुकाने के लिए महिला को मायके से पैसे लाने का दबाव बना रहे थे। वे 10 लाख रुपए की डिमांड कर रहे थे। इस बात से उषा लगातार परेशान थी। उसे मानसिक रूप से टार्चर किया जा रहा था। जिसके बाद उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जांजगीर के रहने वाले हैं आरोपी
इस घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने तिल्दा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ और जांच के बाद ससुराल वालों के खिलाफ FIR दर्ज किया। अब पुलिस ने जांजगीर के अमोदा गांव निवासी आरोपी प्रमोद कुमार कमलेश (31), सास बहरतीन बाई और जवाहर लाल (65) को गिरफ्तार कर लिया है।




