छत्तीसगढ़

मोदी और योगी ने अखिलेश यादव से फोन पर की बात, पूछा- मुलायम सिंह का कुशलक्षेम !

नयी दिल्ली – उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक- संरक्षक मुलायम सिंह यादव को अचानक स्वास्थ्य खराब होने के बाद गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।

सूत्रों के अनुसार दिल्ली के निकट गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल मेदांता में भर्ती  मुलायम सिंह यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई और रविवार को उन्हें आईसीयू में भेज दिया गया।

इस बीच समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर कहा,“आदरणीय नेताजी गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं, उनकी हालत स्थिर है। वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।”

एक अन्य ट्वीट में पार्टी ने कहा, “आदरणीय नेता जी आईसीयू में भर्ती हैं, उनकी हालत स्थिर है। आप सभी से विनम्र निवेदन है कि कृपया अस्पताल ना आएं। नेताजी के स्वास्थ्य की जानकारी आप लोगों को समय समय पर दी जाती

रहेगी।”

बताया जा रहा है मूत्र संक्रमण के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया  गया था। अस्पताल में स्वास्थ्य जांच के दौरान उनका ऑक्सीजन स्तर कम होने पर आईसीयू में भेजा गया है।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और  मुलायम सिंह यादव के पुत्र अखिलेश यादव तथा उनकी पत्नी डिंपल यादव अस्पताल पहुंच गए हैं। अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव का इलाज कर रहे डॉक्टरों से लंबी बातचीत की है।

मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव भी दिल्ली में मौजूद हैं। मुलायम सिंह यादव की हालत को देखते हुए उनके परिजन और शुभचिंतक अस्पताल में पहुंच रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को फोन कर मुलायम सिंह यादव के स्वस्थ्य का हालचाल जाना। प्रधानमंत्री ने उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से दूरभाष पर वार्ता कर उनके पिता मुलायम सिंह यादव का कुशलक्षेम पूछा। उन्होंने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।

मुख्यमंत्री ने मेदान्ता अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों से भी वार्ता कर पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को उत्कृष्ट इलाज मुहैया कराने के लिए कहा।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने  मुलायम सिंह के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की है।

मुलायम सिंह यादव की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें मेदान्ता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज वरिष्ठ चिकित्सकों की देख-रेख में हो रहा है। सपा प्रवक्ता और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने रविवार को बातचीत में इसकी पुष्टि की।

रविवार रात सपा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर कहा है कि ”आदरणीय नेता जी (मुलायम सिंह यादव) आईसीयू में भर्ती हैं, उनकी हालत स्थिर है। आप सभी से विनम्र निवेदन है कि कृपया अस्पताल ना आएं। नेताजी के स्वास्थ्य की जानकारी आप लोगों को समय समय पर दी जाती रहेगी।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके यादव की तबीयत बिगड़ने पर उत्तर प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी की सेहत खराब होने की मीडिया के माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई, मैं भगवान से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना एवं प्रार्थना करता हूं।” ब्रजेश पाठक ने ट्वीट किया,‘‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी के अस्‍वस्‍थ होने की सूचना प्राप्त हुई, मैं प्रभु श्री राम जी से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं दीर्घायु जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।”

मेदांता अस्पताल के जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव 26 सितम्बर से अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें यूरिन में संक्रमण के साथ ही ब्लड प्रेशर की समस्या काफी बढ़ गई थी। जब उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं दिखाई दिया तो डॉक्टरों ने वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा है। अस्पताल में अखिलेश यादव उनकी पत्नी डिंपल यादव परिवार और उनके करीबी लोग मौजूद है। सूत्रों के अनुसार परिवार के सदस्य गुरुग्राम में उनका स्वास्थ्य जानने के लिए पहुंच रहे हैं। जबकि शिवपाल सिंह यादव भी पहले से ही वहां हैं।

 

Related Articles

Back to top button