छत्तीसगढ़

भिलाई के बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश​​​​​​​:जेल से छूटकर शुरू की चोरी, पिकअप में भरकर वारदात को देते थे अंजाम, 3 चोर को पुलिस ने दबोचा 10 टू व्हीलर जब्त

By Dinesh chourasiya

वाहन चोर गिरोह चढ़ा पुलिस के हत्थे - Dainik Bhaskar

दुर्ग पुलिस एक अनोखे दोपहिया वाहन चोरी गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की है। गिरोह के सदस्य अपने पास एक पिकअप वाहन रखे हुए थे। उन लोगों को जहां भी सुनसान खड़ा हुआ दो पहिया वाहन मिलता, वह उसे पिकअप में रखते और भाग जाते थे। पुलिस ने चोरी में उपयोग किए गए पिकअप सहित चोरी के 10 बाइक को जब्त किया है।

दुर्ग पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक अंतर जिला वाहन चोर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शेख फैजल पिता शेख मुजीब ( 22 वर्ष), निवासी जनता स्कूल के पास कैम्प 2 सोनकर मोहल्ला छावनी भिलाई, अफजल खान पिता गुलशेर खान ( 24 वर्ष ) निवासी नंदिनी रोड देना बैंक के पीछे चंद्रशेखर आजाद नगर छावनी को गिरफ्तार किया है।

वाहन चोर गिरोह के मामले की पीसी लेते एएसपी सिटी अभिषेक झा

इसके साथ ही करण चौधरी पिता उमाशंकर चौधरी ( 21 वर्ष ) निवासी जोन 3 लक्ष्मण किराना स्टोर के सामने खुर्सीपार के रूप में हुई है। तीनों इससे पहले अलग-अलग मामलों में जेल में थे। वहां से छूटते ही उन्होंने डिलीवरी पिकअप वाहन लेकर दोपहिया वाहन चोरी करना शुरू कर दिया।

एडिशनल एसपी शहर अभिषेक झा ने बताया कि जिले वाहन चोरी के मामले बढ़ते जा रहे थे। एसएसपी राम गोपाल गर्ग के निर्देश पर उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट किया। एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित कर लगाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही थी कि इसी दौरान मुखबिरों से पता चला कि छावनी निवासी शेख फैजल अपने साथी अफजल खान के साथ एक एक्टिवा वाहन को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।

वाहन चोरी का होने की संभावना के साथ पुलिस टीम ने लिंक रोड छावनी के पास घेराबंदी कर शेख फैजल को पकड़ा और पूछताछ किया। पहले तो शेख फैजल ने पुलिस को गुमराह किया। लेकिन जब पुलिस ने तथ्यात्मक पूछताछ की तो उसने वाहन चोरी का अपराध कबूल कर लिया।

फैजल ने बताया कि जेल से छूटते ही उसने अपने साथी अफजल खान के साथ मिलकर दुर्ग – भिलाई, रायपुर और बेमेतरा क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी के वाहन को वो लोग अलग अलग जगह छिपाकर रखते थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर सभी वाहनों को जब्त किया।

इसमें 6 मोटर साइकिल, 2 एक्टिवा एक टीवीएस एक्सल और एक डिलीवरी पिकअप शामिल है। इसके साथ ही पुलिस ने जोन 3 खुर्सीपार निवासी करण चौधरी पिता उमाशंकर चौधरी के पास से एक चोरी की होंडा साइन मोटर साइकिल जब्त किया है। उसने ये मोटर साइकिल पावर हाउस स्थित प्रिया लॉज के पास से चुराई थी।

Related Articles

Back to top button