छत्तीसगढ़

भिलाई निगम का हाईवे के सर्विस लेन पर चला बुल्डोजर 35 जगहों से कब्जे हटाए, खरीदी​-बिक्री के लिए पुराने वाहन को भी हटाया गया 

By Dinesh chourasiya

एनएचएआई से लगी सर्विस लेन का उपयोग पिछले कुछ समय से अवैध पार्किंग और पुराने वाहनों की खरीदी​-बिक्री के लिए हो रहा। इसके चलते घड़ी चौक से आसपास ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही। लगातार मिल रही शिकायत के बाद निगम की टीम ने बुधवार को उत्तर और दक्षिण गंगोत्री क्षेत्र में कार्रवाई की। 7 जगहों से अवैध कब्जा हटाया गया।

सर्विस लेन पर ही 16 जगहों पर अवैध रूप से पार्किंग बनाकर वाहनों की खरीदी​-बिक्री करने वालों पर कार्रवाई की गई। इतना ही नहीं ठेले, खोमचे और अन्य माध्यम से कब्जा करने वाले कुछ 35 जगहों से कब्जा हटाया गया। साथ ही 20,800 रुपए का जुर्माना वसूला गया। निगम के अधिकारियों के मुताबिक निगम की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सभी जगहों से सर्विस लेन से कब्जा हटाया जाएगा। कार्रवाई के दौरान अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, नोडल अधिकारी प्रीति सिंह, ट्रैफिक उप अधीक्षक पीडी चंद्रा, यातराम चंद्राकर, राजेश गुप्ता आदि मौजूद थे।

निकाय क्षेत्रों में सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित करीब साढ़े 15 हजार ठेले और खोमचे चिन्हित किए गए हैं। उन्हें आगामी दिनों में​ शिफ्ट किया जाना है। कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा ने बुधवार की बैठक में अधिकारियों को इसके लिए निर्देशित किया। बता दें कि उन्हें वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया जाना है। जहां निकाय स्तर पर पहले से जगह तय करने के साथ गुमटियां स्थापित की गई हैं। कलेक्टर ने बैठक में मच्छर उन्मूलन, आवारा मवेशियों की टैगिंग के भी निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button