रायपुर में सड़क हादसे के बाद हंगामा:सड़क पार कर रहे युवक को दुर्ग से आ रहीं तेज रफ्तार बस ने कुचला, सिर फटने से मौके पर मौत
By Dinesh chourasiya

सोमवार को राजधानी रायपुर के भाठागांव चौक में एक तेज रफ्तार बस ने युवक को टक्कर मार दी। जिससे युवक का सिर फट गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने मौके पर जमकर हंगामा मचाते हुए चक्काजाम भी किया। यह मामला पुरानी बस्ती थाना इलाके का है।
यह एक्सीडेंट दोपहर 12 बजे के करीब नागपुर-कोलकाता नेशनल हाईवे के पास हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और लोगों को समझाने में जुट गई। बताया जा रहा है कि ये हादसा सड़क पार करने के दौरान हुआ है।








युवक का सिर टकराया, मौके पर मौत
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कुशालपुर का रहने वाला 26 साल का युवक विक्की तिवारी पैदल सड़क पार कर रहा था। वो वालफोर्ट सिटी से कुशालपुर की तरफ आ रहा था। इस दौरान तेज रफ्तार में आ रही महिंद्रा ट्रेवल्स की बस ने उस टक्कर मार दी।
इस घटना में बस के सामने के हिस्से में युवक का सिर जोरदार टकराया। जिससे युवक कुछ दूरी पर उछल कर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत के बाद बस चालक भी बस छोड़कर मौके से फरार हो गया।




लोगों ने मचाया जमकर हंगामा
इस एक्सीडेंट के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। उन्होंने इस एक्सीडेंट के बाद नाराजगी जाहिर करते हुए जमकर हंगामा मचाया। बताया जा रहा है कि हंगामे के बीच बस का कांच भी टूट गया। इससे कुछ देर के लिए नेशनल हाईवे में जाम के हालात भी बन गए।
इस पूरे मामले को लेकर पुरानी बस्ती थाना प्रभारी सुधांशु बघेल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। युवक की लाश को एम्स अस्पताल भेजा गया और लोगों को भी समझाइश देकर हंगामा शांत कराया गया। फरार आरोपी बस ड्राइवर की भी गिरफ्तारी के लिए टीम को रवाना किया गया ह
दुर्ग की तरफ से आ रही थी बस
बताया जा रहा है कि ये बस दुर्ग की तरफ से आ रही थी। उसे भाटागांव बस स्टैंड पहुंचना था। बस तेज रफ्तार में थी। जिससे युवक के रास्ता पार करने के दौरान ब्रेक लगाने के बावजूद नियंत्रित नहीं हो पाई और युवक को जोरदार टक्कर मार दी।







