छत्तीसगढ़

दुर्ग में आज PM मोदी की सभा:1 लाख लोगों की भीड़ जुटने का अनुमान; 

By Dinesh chourasiya

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दुर्ग में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंच रहे हैं। इसके लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। भिलाई टाउनशिप में हेलीकॉप्टर उतरने से लेकर दुर्ग के पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। 2 दिन में पीएम का यह दूसरा दौरा है।

दुर्ग जिले में मोदी को सुनने के लिए 14 विधानसभाओं से एक लाख से ज्यादा लोग आ रहे हैं। इसके लिए 1.75 लाख स्क्वायर फीट का विशाल पंडाल तैयार किया गया है। इससे पहले पीएम मोदी ने 2 नवंबर को ही कांकेर में सभा की थी

भाजपा नेता भूपेंद्र सवन्नी ने बताया कि मोदी दुर्ग के पं. रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में शनिवार सुबह 9.30 बजे पहुंच जाएंगे। वो यहां लगभग आधे घंटे तक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान यहां भाजपा के विधानसभा प्रत्याशी सहित भाजपा के बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। लोगों के आने जाने के लिए पुलिस प्रशासन अलग-अलग रूट निर्धारित किया है।

ऐसा कहा जा रहा है कि भाजपा का घोषणा पत्र आने के बाद मोदी खुद जनता को संबोधित करके उसमें अपनी गारंटी की मुहर लगाएंगे। पहले ही गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा के घोषणा पत्र को लेकर कहा है कि इसमें जो भी कहा गया है वो पूरा किया जाएगा, इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी दी है। अब प्रधानमंत्री खुले मंच से दुर्ग में खुद अपनी गारंटी दे सकते हैं

पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था

प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा और उनकी सभा में लगने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन दुर्ग ने तैयारी पूरी कर ली है। मोदी की सभा में जाने के लिए पास की व्यवस्था की गई है। सभी मीडिया सहित बाकी लोगों को भी पास वितरित कर दिए गए हैं। पूरे सभा स्थल में डेढ़ हजार से ज्यादा सुरक्षाबल तैनात रहेंगे।

हेलीपैड से लेकर स्टेडियम तक पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था

मोदी का हेलीकॉप्टर भिलाई के जयंती स्टेडियम में लैंडिंग करेगा। इसके लिए हैलीपैड बनाया गया है। इसके साथ ही हैलीपैड की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। यहां एक साथ कई हैलीकॉप्टर उतारने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए जिला और पुलिस प्रशासन सहित बीएसपी के अधिकारियों को भी लगाया गया था।

1.75 लाख स्क्वायर फिट का बनेगा पंडाल

मोदी की सभा में काफी संख्या में भीड़ आने की बात कही जा रही है। इसे लेकर 1 लाख 75 हजार स्क्वायर फीट का पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसके लिए 3 डोम शेड उसके बाद कुछ खुली जगह छोड़ी गई है। मंगलवार को पहुंची प्रधानमंत्री की सुरक्षा एजेंसी ने स्टेडियम का जायजा लिया।

14 विधानसभाओं से पहुंचेंगे लोग

भाजपा के दुर्ग जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आमसभा में काफी भीड़ होने वाली है। इसके मद्देनजर तैयारी की जा रही है। पीएम को सुनने के लिए दुर्ग जिले की 14 विधानसभाओं से एक लाख से अधिक लोग आने वाले हैं। इस भीड़ को देखते हुए भिलाई से दुर्ग तक के सभी चौक-चौराहे पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।

पुलिस प्रशासन का रूट प्लान

  • रविशंकर स्टेडियम में मंच पर बैठने वाले अतिथियों की पार्किंग व्यवस्था सुराना कॉलेज में तय की गई है।
  • हेलीपैड जयंती स्टेडियम से लेकर कार्यक्रम स्थल रविशंकर स्टेडियम तक VVIP रूट बनाया गया है। इस दौरान इस रूट पर कोई भी दुकान या ठेला लगाना प्रतिबंधित रहेगा।
  • कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग दिशाओं में पार्किंग तय की गई है।
  • कार्यक्रम स्थल पर किसी भी तरह की सामग्री ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
  • कार्यक्रम के दिन आवश्यक कार्य से जाने वाले वाहन वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करेंगे।
  • इस दिन दुर्ग शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
  • कार्यक्रम स्थल पूरी तरह से सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेगा।

ये है पार्किंग प्लान

  • राजनांदगांव और बालोद से आने वाले लोग पुलगांव चौक, पोटिया चौक, महाराजा चौक, सोनी फर्नीचर के सामने मिनी स्टेडियम पद्मनाभपुर, हॉकी मैदान सिविल लाइन में गाड़ी पार्क कर पैदल कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।
  • पाटन और उतई से आने वाले लोग एमडी चौक, जेल तिराहा, पुलिस लाइन और गर्ल्स कॉलेज में वाहन पार्क कर पैदल कार्यक्रम स्थल जाएंगे।
  • नेहरू नगर की ओर से आने वाले लोग Y-शेप ब्रिज, साइंस कॉलेज, मालवीय नगर चौक, ST-SC बालक छात्रावास, खालसा पब्लिक स्कूल में वाहन पार्क कर पैदल जाएंगे।
  • धमधा की ओर से आने वाले लोग ग्रीन चौक, रेलवे स्टेशन, मालवीय नगर पॉलिटेक्निक कॉलेज में गाड़ी पार्क कर पैदल कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे।
  • पटेल चौक की ओर से आने वाले वाहन उतई तिराहा, डीओ ऑफिस कन्या स्कूल में गाड़ी पार्क कर पैदल कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे।
  • रविशंकर स्टेडियम में मंच पर बैठने वाले और PM मोदी का स्वागत करने वाले पास रखे लोग अपनी गाड़ी सुराना कॉलेज में पार्क कर पैदल कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे।
  • स्वागत के लिए हेलीपैड जयंती स्टेडियम आने वाले लोग पेट्रोल पंप के पीछे से फुटबॉल ग्राउंड पर अपनी गाड़ी पार्क करेंगे।

ये सामग्री लेकर नहीं जा पाएंगे कार्यक्रम स्थल

विस्फोटक सामग्री- पटाखा, बारूद, बंदूक और अन्य विस्फोटक पदार्थ।

ज्वलनशील सामग्री- पेट्रोल, डीजल, मिट्टी का तेल, अल्कोहल, माचिस, जेल, सिगरेट, बीड़ी।

खाद्य सामग्री- पानी का बोतल, गुटखा, तंबाकू, खाने की वस्तुएं।

धारदार वस्तुएं– चाकू, छुरी, ब्लेड, कैंची, रेजर, खिलौने या अन्य सामान।

जरूरी काम के लिए वैकल्पिक मार्ग

हॉस्पिटल, स्कूल, ऑफिस और जरूरी काम से जाने वाले वाहनों के लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग बनाया गया है। उनसे अपील की गई है कि वो इस दिन वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करें।

  • ग्लोब चौक से सेक्टर-9, 32 बंगला की ओर जाने वाले वाहन गैरेज रोड, फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग का प्रयोग करें।
  • Y-शेप से पटेल चौक की ओर जाने वाले वाहन मालवीय नगर चौक से जेल रोड महाराजा चौक मार्ग का प्रयोग करें।

इन मार्गों को पूरी तरह से किया गया बंद

  • जयंती स्टेडियम हेलीपैड से ग्लोब चौक सेक्टर- 9 चौक-32 बंगला तिराहा वाय शेप ओवरब्रिज, मालवीय नगर चौक, रविशंकर स्टेडियम के मार्ग को प्रतिबंधित किया गया है।
  • इसी तरह 4 नवंबर को दुर्ग शहर के अंदर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

Related Articles

Back to top button