
बिलासपुर हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी:ई-मेल में कैंपस को निशाना बनाने का जिक्र, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, पुलिस-साइबर टीम जांच में जुटी
By Dinesh Chourasiya
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला है। सुबह इस मैसेज में हाईकोर्ट परिसर को निशाना बनाने की बात लिखी गई थी। जिसके बाद पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।
सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह खुद टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लिया गया। एंट्री-एग्जिट पर सख्ती बढ़ा दी गई है। हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। जबकि बाकी सुरक्षा एजेंसियां भी मौके पर तैनात हैं।







पिछले कुछ महीनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में उच्च न्यायालयों और जिला न्यायालयों को इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिलते रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी कई जिलों में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। जिनमें व्यापक जांच और सर्च ऑपरेशन चलाए गए, लेकिन भेजने वालों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई।
सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी
फिलहाल पुलिस और साइबर टीम ईमेल के स्रोत को ट्रेस करने में जुटी है। सर्वर, आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेल की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि, किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी है। जांच पूरी होने तक सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।




महीनेभर पहले 4 डिस्ट्र्रिक्ट कोर्ट को मिली थी धमकी
एक महीने पहले सरगुजा, राजनांदगांव, धमतरी और जगदलपुर जिला कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। धमकी भरा ईमेल जिला कोर्ट के ईमेल एड्रेस पर भेजा गया था। यह जिला जज को मिला था।
वहीं, दो महीने पहले राजनांदगांव और बिलासपुर जिला कोर्ट को बम (RDX) से उड़ाने की धमकी मिली थी। पुलिस हाई अलर्ट पर थी, जिला न्यायालय परिसर सील कर दिया गया था। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता जांच की थी। लेकिन जांच में कुछ नहीं मिला था।




